Jamshedpur News: जमशेदपुर के मानगो स्थित शंकोसाई रोड नंबर-1 श्याम नगर में रहने वाले प्रदीप साव नाम के युवक के लापता होने का मामला सामने आया है. परिवार ने ओलीडीह ओपी में आवेदन देकर बताया है कि प्रदीप साव (24 वर्ष) 30 नवंबर की रात 9 बजे घर से निकला थे और उसके बाद वापस नहीं लौटा है.
परिवार ने आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. परिजनों का कहना है कि आज कुछ युवकों ने उन्हें जानकारी दी कि प्रदीप के साथ मारपीट की गई थी. जिन युवकों पर आरोप लगाया गया है उनके नाम कून्दन पोलियो, रवि बाला और बाबू उर्फ लूडो बताए गए हैं.
आवेदन में यह भी कहा गया है कि आरोपित युवकों ने प्रदीप को श्याम नगर के पास नदी किनारे ले जाकर पिटाई की थी. घटना के बाद से प्रदीप का कोई अता पता नहीं है. उसके मोबाइल नंबर पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है.
परिवार ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है और आशंका जताई है कि समय रहते खोजबीन नहीं हुई तो कोई अनहोनी हो सकती है.
परिजनों ने प्रदीप का हुलिया भी साझा किया है. उनकी ऊंचाई लगभग पांच फीट दो इंच है. रंग सावला है. घटना के समय वह ब्लू जीन्स, ग्रे रंग का स्वेटर और ब्लू रंग की चप्पल पहने हुए थे.
आवेदन दीपक साव की ओर से दिया गया है जिन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेकर भाई को जल्द से जल्द खोजने की गुहार लगाई है.
यह मामला सिर्फ गुमशुदगी का नहीं बल्कि संभावित हमले और जबरन ले जाए जाने की ओर भी इशारा करता है. परिजनों के आरोप गंभीर हैं और पुलिस के लिए यह जांच का महत्वपूर्ण बिंदु होगा कि क्या युवक पर हमला कर उसे जबरन कहीं ले जाया गया. आवेदन में बताए गए युवकों की भूमिका भी जांच के दायरे में आएगी. ऐसे मामलों में शुरुआती घंटे बेहद अहम होते हैं इसलिए समयबद्ध कार्रवाई की जरूरत है ताकि किसी अनहोनी से पहले युवक की स्थिति का पता लगाया जा सके.