Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-04

Jamshedpur News: जदयू ने मानगो नगर निगम को सौंपा ज्ञापन, बुनियादी सुविधाओं में सुधार की उठाई मांग

Jamshedpur: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) पूर्वी सिंहभूम की ओर से जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन में मानगो नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी नागरिक सुविधाओं की लगातार बिगड़ती स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए त्वरित और ठोस सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की गई।

जदयू नेताओं ने कहा कि मानगो के लोग काफी समय से जर्जर सड़कों, यातायात जाम, टूटे नाले, अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था, अनियमित कचरा उठाव तथा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से अब तक कोई भी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।

ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें

सड़कों, नालों एवं नालियों की वर्तमान स्थिति तथा उनके मरम्मत/निर्माण की आगामी कार्ययोजना सार्वजनिक की जाए।

बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को बदलने और नई स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रक्रिया एवं समयसीमा तय की जाए।

घर-घर कचरा उठाव को नियमित बनाने के लिए वाहन उपलब्धता, मॉनिटरिंग सिस्टम और जिम्मेदार टीमों की स्पष्ट जानकारी प्रदान की जाए।

सड़क किनारे जमा कचरे के नियमित उठाव और निष्पादन के लिए दैनिक या साप्ताहिक कार्यक्रम निर्धारित किया जाए।

निगम में जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए अधिकारियों की भूमिकाएँ स्पष्ट की जाएँ।

मानगो क्षेत्र के लिए आगामी एक वर्ष की विकास कार्ययोजना जारी की जाए।

पेयजल आपूर्ति योजना पर विशेष चर्चा

बैठक के दौरान जदयू प्रतिनिधियों ने मानगो पेयजल आपूर्ति परियोजना में हो रही अव्यवस्था और अनियमित जलापूर्ति के मुद्दे भी उठाए।

इस पर नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि पानी की सप्लाई में आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए सभी पाइपलाइनों का विस्तृत सर्वे जल्द शुरू किया जाएगा। साथ ही नई मोटर पंप खरीदने की प्रक्रिया जारी है, जिन्हें स्थापित कर जलापूर्ति को सुचारू किया जाएगा।

आवारा पशुओं की समस्या पर ध्यानाकर्षण

जदयू नेताओं ने क्षेत्र में बढ़ते आवारा पशुओं के कारण आम नागरिकों को हो रही दिक्कतों का मुद्दा भी रखा। नगर आयुक्त ने बताया कि इस संबंध में जिला स्तर पर एक विशेष कमेटी गठित की जा चुकी है। जल्द ही सर्वे कर आवारा पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

नेताओं ने कहा कि ये सभी मुद्दे सीधे जनता की रोजमर्रा की परेशानियों से जुड़े हुए हैं, इसलिए नगर निगम को इन पर पारदर्शी, स्पष्ट और समयबद्ध कार्रवाई करनी होगी।

इस अवसर पर जदयू जिला महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नू, प्रदेश युवा महासचिव पप्पू सिंह, कन्हैया ओझा, मृत्युंजय सिंह, आकाश शाह, पिंटू सिंह, विकास साहनी, निसार अहमद, संतोष भगत, अशोक सिंह, संजीव सिंह, विनोद सिंह, लालू गॉड, मनोज गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !