Ranchi: राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) ने सत्र 2026–27 के लिए मास्टर ऑफ हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन (MHA) कार्यक्रम की प्रवेश अधिसूचना जारी कर दी है। यह दो वर्ष की पूर्णकालिक एवं आवासीय डिग्री है, जिसे झारखंड सरकार के अधीन स्वायत्त संस्था RIMS संचालित करती है।
आवेदन प्रक्रिया
ऑनलाइन आवेदन 5 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुके हैं और फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 20 दिसंबर 2025 निर्धारित है। प्राप्त आवेदन पत्रों और संलग्न दस्तावेजों का सत्यापन 27 दिसंबर 2025 (संभावित) को किया जाएगा। प्रवेश पत्र उम्मीदवारों को 3 जनवरी 2026 से उनके ईमेल पर भेजे जाएंगे।
प्रवेश परीक्षा एवं चयन प्रक्रिया
लिखित प्रवेश परीक्षा 10 जनवरी 2026 को आयोजित होगी। इसके बाद 17 जनवरी 2026 को समूह चर्चा एवं व्यक्तिगत साक्षात्कार (GD–PI) लिया जाएगा। साक्षात्कार पैनल में डीन, संबंधित विभागाध्यक्ष, अकादमिक प्रभारी, बाहरी विशेषज्ञ तथा SC/ST श्रेणी के एक फैकल्टी सदस्य शामिल रहेंगे। अंतिम परिणाम RIMS की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
योग्यता एवं सीटें
MHA कार्यक्रम में कुल 10 सीटें उपलब्ध हैं। आवेदन वही अभ्यर्थी कर सकते हैं जिन्होंने MBBS, BDS, AYUSH या किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातक/PGDHHM/PGDHA किया हो। गैर-चिकित्सा पृष्ठभूमि वाले आवेदकों के लिए न्यूनतम 50% अंकों के साथ स्नातक और कम से कम 5 वर्ष का कार्यानुभव आवश्यक है। अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष रखी गई है, हालांकि झारखंड सरकार के नियमों के अनुसार आयु में छूट लागू होगी।
फीस संरचना
पहले वर्ष के प्रथम सेमेस्टर में कुल 40,500 रुपये और शेष सेमेस्टरों में 25,000 रुपये का शुल्क जमा करना होगा। इसके अतिरिक्त 10,000 रुपये की एकमुश्त refundable caution money निर्धारित है। परीक्षा एवं प्रमाणपत्र शुल्क विश्वविद्यालय की दरों के अनुसार लिए जाएंगे।
पाठ्यक्रम संरचना
कोर्स को चार प्रमुख मॉड्यूल्स में विभाजित किया गया है, जिनमें प्रबंधन सिद्धांत, अस्पताल एवं स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन, स्वास्थ्य प्रणाली, एपिडेमियोलॉजी, मेडिकल सोशियोलॉजी, गुणवत्ता एवं सुरक्षा प्रबंधन, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट तथा क्लिनिकल/नॉन-क्लिनिकल सेवाओं से जुड़े विषय शामिल हैं। दो वर्षीय अध्ययन अवधि के अंत में छात्रों को शोध प्रबंध (डिसर्टेशन) प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
अधिक जानकारी अथवा विस्तृत अधिसूचना प्राप्त करने के लिए इच्छुक उम्मीदवार RIMS की आधिकारिक वेबसाइट rimsranchi.ac.in पर जा सकते हैं।