Jamshedpur: जमशेदपुर के बागबेड़ा स्थित ब्लिंकिट स्टोर पर कार्यरत लगभग 100 डिलीवरी राइडर अपनी सुरक्षा और पे आउट बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। यह घटना खास महल मंडी गेट के सामने स्थित बिलिनकिट स्टोर को विवादों के घेरे में ला रही है।
असुरक्षा और कम पे आउट से आक्रोश
राइडरों का कहना है कि वे दिन-रात एक करके ग्राहकों को सामान सप्लाई करते हैं, लेकिन अब वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्हें सही समय पर और उचित पे आउट नहीं मिल रहा है, और यदि वे अपनी आवाज़ उठाते हैं तो उन्हें काम से निकालने की धमकी दी जाती है। इसी कारण क्षुब्ध होकर सभी राइडरों ने अनिश्चितकाल के लिए काम रोक दिया है।
राइडर बीरबल राम और मारुति ने बताया कि दो दिन पहले जुगसलाई में एक राइडर के साथ छिनतई की घटना हुई थी। इस गंभीर मामले के बावजूद, स्टोर इंचार्ज ने कोई कार्रवाई नहीं की। लगातार पे आउट न बढ़ाए जाने और काम से निकालने की धमकियों ने उन्हें हड़ताल जैसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है।
स्टोर इंचार्ज ने झाड़ा पल्ला
जब इस संबंध में स्टोर इंचार्ज से बात की गई, तो उन्होंने इस पूरे मामले को कंपनी लेवल का बताकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। राइडरों की हड़ताल से बागबेड़ा और आसपास के इलाकों में गुड्स डिलीवरी की सेवा पर असर पड़ सकता है। राइडरों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती और पे आउट में उचित वृद्धि नहीं की जाती, तब तक वे काम पर नहीं लौटेंगे।