Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-05

Jamshedpur News: करियर जागरूकता, RBI ने जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में छात्रों को बैंकिंग क्षेत्र में अवसरों से कराया अवगत

Jamshedpur: जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में आज रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया (RBI) की ओर से विद्यार्थियों के करियर जागरूकता विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को बैंकिंग क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों, चयन प्रक्रिया, आवश्यक योग्यताओं तथा उन्नति के अवसरों के बारे में जानकारी देना था।

कार्यक्रम में रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया के रांची शाखा के श्री अखण्डल सोरेन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को RBI में करियर की संभावनाएँ, भर्ती प्रक्रिया, इंटर्नशिप, प्रशिक्षण, कार्यसंस्कृति, तथा भविष्य के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि आरबीआई देश की अर्थव्यवस्था, मुद्रा प्रबंधन, महँगाई नियंत्रण तथा वित्तीय स्थिरता बनाए रखने में किस प्रकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित करने, समय प्रबंधन, सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में निरंतरता बनाए रखने पर विशेष ज़ोर दिया। उन्होंने छात्रों को यह संदेश दिया कि सही तैयारी, दिशा और सकारात्मक दृष्टिकोण से वे देश की सर्वोच्च संस्थाओं में अपना स्थान बना सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने RBI में नौकरी, पदोन्नति, वेतनमान, कार्यालय कार्यप्रणाली तथा अर्थव्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे। श्री अखण्डल सोरेन ने सभी प्रश्नों का बड़े ही सहज और व्यवहारिक उदाहरणों के साथ संतोषजनक उत्तर दिया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भी प्रदान किए गए, जिससे छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कॉलेज की ओर से प्राचार्य डॉ. सत्यप्रिय महालिक ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को करियर के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय संस्थाओं के कार्य और महत्व से अवगत कराते हैं। उन्होंने RBI टीम के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के सार्थक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन वोकेशनल के प्रो. अमित कुमार मेहता ने किया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ और इसमें बड़ी संख्या में शिक्षक तथा विद्यार्थी उपस्थित थे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !