Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमेटी के महासचिव मंगलदेव सिंह उर्फ़ सन्नी ने शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर उन्हें एक शिकायत पत्र सौंपा।
शिकायत में उन्होंने ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों तथा गोलमुरी टीओपी के मुंशी पर युवा कांग्रेस के एक कार्यकर्ता के साथ मारपीट और अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि गोलमुरी टीओपी के मुंशी औरंगज़ेब पिछले दस वर्षों से उसी जिले में तैनात हैं और इस अवधि में वह आम नागरिकों के साथ अनावश्यक अभद्रता, डराने-धमकाने और अनुचित व्यवहार जैसी हरकतें करते रहे हैं। इसी आधार पर उनका तबादला किसी अन्य जिले में करने की मांग भी रखी गई है।
मंगलदेव सिंह ने बताया कि 2 दिसंबर की शाम लगभग 5 बजे सिदगोड़ा रोड नंबर 28 पर ट्रैफिक चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पीयूष शर्मा और आकाश कुमार को ट्रैफिक इंस्पेक्टर एस.एस. पासवान ने अचानक बैरिकेड धक्का देकर गिरा दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।
घटना की जानकारी कार्यकर्ताओं ने तुरंत कांग्रेस युवक महासचिव निखिल तिवारी को दी। निखिल तिवारी मौके पर पहुंचकर इंस्पेक्टर पासवान से इस व्यवहार का कारण पूछने लगे, तो पासवान गुस्से में आ गए। गुस्से में आकर उन्होंने न सिर्फ उन्हें उल्टा जवाब दिया, बल्कि धमकाते हुए दोबारा यहां न आने की चेतावनी भी दे डाली।