Jharkhand News: झारखंड पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के वाहन बेड़े को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. शासन स्तर पर हुई महत्वपूर्ण बैठक में निर्णय लिया गया कि डीजी और एडीजी रैंक के अफसर अब टोयोटा इनोवा वाहनों का इस्तेमाल करेंगे. इसके लिए एडीजी रैंक के लिए चार और डीजी रैंक के लिए आठ सेवन सीटर इनोवा की खरीद की अनुशंसा की गई है.
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई प्रशासी पदवर्ग समिति की बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया. इसके साथ ही डीआइजी और एसएसपी रैंक के लिए भी वाहन खरीद की स्वीकृति मिली है. डीआइजी रैंक के अफसरों के लिए आठ महिंद्रा स्कॉर्पियो उपलब्ध कराई जाएंगी और एसएसपी रैंक के अधिकारियों के लिए चालीस स्कॉर्पियो खरीदी जाएंगी.
इसी बैठक में न्यायिक अकादमी के लिए भी दो नए वाहनों की स्वीकृति दी गई. इसमें नौ सीटर फोर्स अरबेनिया और तेरह सीटर फोर्स ट्रैवलर शामिल हैं. दोनों वाहन न्यायिक प्रशिक्षण और संबंधित कार्यों के लिए उपयोग में लाए जाएंगे.
इन निर्णयों से स्पष्ट है कि राज्य प्रशासन पुलिस सेवा और न्यायिक संस्थानों के कामकाज को अधिक सुगम बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है. वाहनों के आधुनिकीकरण से अधिकारियों की फील्ड मूवमेंट सुविधाजनक होगी और दैनिक प्रशासनिक कार्यों में गति आने की संभावना है.