लूट और अपराध का गढ़ बन गया है झारखंड - नड्डा
एनसीआरबी (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो) का हवाला देते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि ऑनर किलिंग के मामले में झारखंड देश में पहले पायदन पर तो हत्या के मामले में दूसरे स्थान पर है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में माफिया राज कायम है. झारखंड में दुष्कर्म, डायन और दहेज हत्या के मामलों में बेतहाशा इजाफा हुआ है. खुलेआम बालू, कोयला और दूसरे खनिज संसाधनों की लूट जारी है. उन्होंने पूछा कि क्या 450 रु में गैस सिलिंडर मिला. क्या राज्य के 10 लाख युवाओं को नौकरी मिली? क्या हेल्थ कार्ड मिला? क्या किसानों को 3200 रु. प्रति क्विंटल की दर से धान की एमएसपी मिली? हाथी के दांत दिखाने के और खाने के और हैं.
सूर्या हांदसा का फेक एनकाउंटर हुआ
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आदिवासियों की बात करने वाली सरकार ने प्रायोजित तरीके से सूर्या हांसदा का एनकाउंटर करवाया. सिदो कान्हो के वंशज रामेश्वर मुर्मू की हत्या भी सरकार के इशारे पर हुई. हूल दिवस के अवसर पर सिदो कान्हो को श्रद्धांजलि देने गये लोगों पर लाठी चार्ज कराया गया. वहां चंपाई सोरेन भी मौजूद थे.
जेपी नड्डा ने कहा कि झारखंड में अवैध घुसपैठियों का बोलबाला है. ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं. धीरे-धीरे आदिवासियों की संख्या घट रही है. 1951 में आदिवासियों की संख्या 45 प्रतिशत थी. आज घटकर 28 प्रतिशत रह गई है. हाईकोर्ट ने आदिवासियों की घटती जनसंख्या की जांच की बात कही है लेकिन राज्य सरकार इस दिशा में कुछ नहीं कर रही है. झारखंड में वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति हो रही है. हमारे आदिवासी भाई यहां के घुसपैठियों को चुन-चुनकर खदेड़ेंगे.
महिलाएं इंतजार करती थीं सूर्योदय और सूर्यास्त का
एक दौर था जब महिलाएं शौच के लिए लोटा लेकर सूर्योदय और सुर्यास्त का इंतजार करती थीं. लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर देश में 12 करोड़ शौचालय बनाकर इज्जत से जीने का अधिकार दिया गया. केंद्र की हमारी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर किया है. केंद्र सरकार ने देश के 40 फीसदी लोगों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़कर 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा करवाया. उन्होंने देश के विकास में केंद्र सरकार की ओर से किए जा रहे पहल और योजनाओं की जानकारी साझा की.