Jharkhand Big News: हजारीबाग के चर्चित जमीन घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई फिर तेज हो गई है. एसीबी ने शनिवार को छापेमारी करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए लोगों में इंद्रदेव प्रसाद, शशि शेखर, जय प्रकाश यादव, चतरु प्रजापति, हाजी कलाम और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं. इन गिरफ्तारियों के बाद इलाके में इस मामले को लेकर हलचल बढ़ गई है.
इस घोटाले की जांच पहले ही कई बड़े अफसरों तक पहुंच चुकी है. इसी मामले में एसीबी कुछ समय पहले आईएएस विनय चौबे और उनके करीबी व्यवसायी नेक्सजेन के मालिक विनय सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है. एजेंसी अब तक दो अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को भी हिरासत में ले चुकी है.
शनिवार की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद हजारीबाग में चर्चा का केंद्र यही मामला बन गया है. जिस जमीन घोटाले में कार्रवाई चल रही है, उसमें सदर विधायक प्रदीप प्रसाद सहित कुल 73 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. जांच आगे बढ़ने के साथ एसीबी को और लोगों की संलिप्तता के संकेत मिले हैं, जिसके आधार पर जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है.
आरोप है कि हजारीबाग के उपायुक्त रहते हुए आईएएस विनय कुमार चौबे ने बड़े पैमाने पर सरकारी और वन भूमि का दुरुपयोग किया था. इस मामले को लेकर एसीबी कई वर्षों से जांच कर रही थी. अब जांच में मिले तथ्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी गई है.
एसीबी की लगातार हो रही कार्रवाई साफ संकेत देती है कि जमीन घोटाले की परतें अभी और खुल सकती हैं. अब तक अफसरों और स्थानीय प्रभावशाली नामों पर गिरे शिकंजे से यह स्पष्ट है कि एजेंसी मामले को अंत तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है. सरकारी और वन भूमि से जुड़ा यह विवाद लंबे समय से चर्चा में रहा है और लगातार हो रही गिरफ्तारियां दिखाती हैं कि आने वाले दिनों में और नाम सामने आ सकते हैं.