Saraikela: राजनगर थाना पुलिस ने किराना दुकान में हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की है और पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुकान संचालक आलोक कुमार महतो ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान से सामान चोरी हो गया है। उनकी सूचना के अनुसार दुकान से दो गैलन (प्रत्येक 5 लीटर) सरसों तेल, नकदी और अन्य वस्तुएं मिलाकर कुल 15,940 रुपये की चोरी हुई थी। घटना के बाद से क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया था।
शिकायत मिलने पर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने तुरंत एक विशेष टीम गठित की और मामले की त्वरित जांच का निर्देश दिया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त जानकारियों और स्थानीय मुखबिरों की मदद से कई ठिकानों पर छापेमारी की। लगातार की गई इन कोशिशों का परिणाम यह रहा कि पुलिस ने तीन व्यक्तियों जिनके नाम गुल्लू कालिंदी, रवींद्र कुजूर और रवि उरांव है। उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। तीनों सरायकेला जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने चोरी की गई सभी सामान भी जब्त कर लिया हैं, जिन्हें पहचान प्रक्रिया पूरी होने के बाद दुकान मालिक को लौटाया जाएगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई है, जिससे अपराधियों में कानून का भय भी बढ़ेगा और ऐसे मामलों पर रोक लगेगी।