Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-07

Ranchi News: रांची में पुलिस की पूछताछ के कुछ दिन बाद युवक ने की आत्महत्या, पुलिस दबाव या कोई और राज?

रांची: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र के वर्धमान कंपाउंड में एक युवक की संदिग्ध मौत ने पुलिस महकमे में सनसनी फैला दी है। जिस युवक को पुलिस ने कुछ दिन पहले थाने बुलाकर कई घंटों तक पूछताछ की थी, उसी युवक का शव उसके निजी कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला। युवक नाम रवि बताया जा रहा है। घटना सामने आते ही परिजनों के साथ-साथ पुलिस अधिकारी भी सदमे में हैं। अब सवाल यह उठ रहे हैं कि क्या पुलिस की पूछताछ का उस पर कोई मानसिक दबाव पड़ा था, या कहानी के पीछे कोई और अनदेखा सच छिपा है।


घटना की पूरी जानकारी

जानकारी के अनुसार 22 नवंबर को पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद रवि को थाने बुलाया गया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन में एक हथियार की तस्वीर मिलने का दावा किया गया, जिसने पुलिस को चौंका दिया। अधिकारियों को संदेह हुआ कि युवक का किसी अवैध हथियार गिरोह से संपर्क तो नहीं। हालांकि प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिला।

रवि ने क्या बताया पुलिस को जानें

पूछताछ के दौरान रवि ने पुलिस को बताया कि उसके फोन पर यह तस्वीर उत्तर प्रदेश के एक युवक ने भेजी थी। रवि ने यह भी कहा कि वह किसी तरह की हथियार आपूर्ति या खरीद-बिक्री में शामिल नहीं है, बल्कि जिस व्यक्ति ने तस्वीर भेजी थी, वही उससे संपर्क कर रहा था। पुलिस अब उस नंबर की तकनीकी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में है कि दोनों के बीच बातचीत की असल वजह क्या थी।

पुलिस की प्रतिक्रिया

सिटी डीएसपी के.वी. रमन ने बताया कि संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर युवक से सामान्य पूछताछ की गई थी। उन्होंने कहा कि आत्महत्या की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच-पड़ताल कर रही है। चाहे वह फोन डेटा हो, युवक की दिनचर्या हो या उसके संपर्क में आने वाले लोग। कई नए बिंदुओं पर जांच तेज कर दी गई है।

परिवार के आरोप और चिंताएं

इधर मृतक के परिजनों का कहना है कि रवि से पुलिस की  पूछताछ के बाद से वह मानसिक रूप से काफी दबाव में दिख रहा था। उसके भाई चंदन ने आरोप लगाया कि परिवार को इस बात की उम्मीद नहीं थी कि स्थिति इतनी गंभीर हो जाएगी। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि पूछताछ के दौरान क्या हुआ था, इसकी निष्पक्ष जांच की जाए। परिवार ने एक युवक दीपेश का भी नाम लेते हुए उससे पूछताछ कर कार्रवाई की मांग की है।

जांच का मौजूदा फोकस

फिलहाल पुलिस मौत के पीछे की असली वजह जानने में जुटी है। क्या यह पूरी तरह आत्महत्या है, या फिर किसी के दबाव, डर या धमकी ने युवक को इस कदम के लिए मजबूर किया। रांची पुलिस इस मामले को संवेदनशील मानकर जांच कर रही है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !