Ranchi News: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी रांची में अपना नया आशियाना बनाने की तैयारी में हैं. यह घर रांची रिंग रोड के पास सेंबो स्थित पहाड़ी पर बनाया जाएगा. माही ने यहां 1 एकड़ 92 डेसिमिल जमीन खरीदी है. इस इलाके में उनका प्लॉट नंबर 822, 1314, 1322 और 1324 के नाम से दर्ज है. जमीन के ठीक बगल में सीआरपीएफ का कैंप भी मौजूद है.
तीन मंजिला भवन बनाने की मांगी थी अनुमति
धोनी ने रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (RRDA) से तीन मंजिला भवन बनाने की अनुमति मांगी थी. लेकिन जमीन कृषि श्रेणी में दर्ज होने के कारण उन्हें केवल 7 मीटर ऊंचाई तक निर्माण की ही स्वीकृति मिल सकी. इसी वजह से उनका नया घर जी प्लस वन यानि एक मंजिला स्वरूप में तैयार होगा. निर्माण से जुड़े सभी मानकों का पालन करते हुए डिजाइन को इसी ढांचे में बदला गया है.
आर्किटेक्ट शांतुनु गर्ग ने तैयार किया है घर का डिजाइन
धोनी के नए घर का आर्किटेक्चरल डिजाइन जयपुर के जाने माने आर्किटेक्ट शांतुनु गर्ग ने तैयार किया है. शांतुनु गर्ग लग्जरी फार्महाउस और हाई एंड रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स के लिए मशहूर हैं. उनके बनाए गए डिजाइन में आधुनिक सुविधाओं और खुले स्पेस के संतुलन का खास ध्यान रखा गया है.
हर यूनिट में होंगे 4-4 कमरें
घर का कुल क्षेत्रफल लगभग 2210 वर्गमीटर रहेगा. ग्राउंड फ्लोर पर बड़ा हॉल और मल्टी कार गैरेज बनाया जाएगा. पहली मंजिल पर तीन यूनिट बनाई जाएंगी जो आपस में जुड़ी होंगी. हर यूनिट में चार कमरे होंगे. इसके अलावा भवन के पीछे 15x25 फीट का एक ओपन रिक्रिएशनल एरिया भी तैयार किया जाएगा.
धोनी के नए घर को लेकर सामने आई जानकारी से स्पष्ट है कि डिजाइन भले ही सरल रखा गया हो लेकिन इसे आधुनिक और उपयोगी बनाने पर जोर दिया गया है. कृषि भूमि पर सीमित ऊंचाई की मंजूरी मिलने से बड़े स्ट्रक्चर का विकल्प कम हो गया, पर माही की पसंद के मुताबिक विस्तृत और शांत लोकेशन उनका नया घर फिर भी खास बनेगा. रांची में उनकी मौजूदगी और निवेश से स्थानीय क्षेत्र में आकर्षण और विकास दोनों बढ़ते हैं.