Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-07

Jamshedpur Tata Steel: टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी ऋतुराज सिन्हा का असामयिक निधन, उद्योग जगत से लेकर जमशेदपुर के बड़े प्रतिनिधि पहुंचे टाटा मुख्य अस्पताल

Jamshedpur: टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा के असामयिक निधन ने पूरे टाटा स्टील समूह और जमशेदपुर शहर को गहरे शोक में डाल दिया है। घटना की सूचना मिलते ही टाटा मुख्य अस्पताल में कॉरपोरेट जगत के तमाम वरिष्ठ अधिकारी पहुंचने लगे।


टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदर रामम, टाटा स्टील के एमडी टी.वी. नरेंद्रन की पत्नी रुचि नरेंद्रन, टाटा वर्कर्स यूनियन के महामंत्री सतीश सिंह और सहायक सचिव नितेश राज सहित टाटा स्टील और टाटा स्टील यूआईएसएल के कई अधिकारी एवं कर्मचारी अस्पताल में मौजूद थे।

शहर के प्रतिष्ठित व्यक्तियों में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो भी पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। बताया जा रहा है कि टाटा स्टील के एमडी टी.वी. नरेंद्रन ने स्वयं इस दुखद घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

मिली जानकारी के अनुसार ऋतुराज सिन्हा अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और पोते सहित पूरे परिवार को छोड़ गए हैं। इसमें खास बात यह है कि शनिवार को ही उनके पोते के जन्म का छोटा सा उत्सव उनके घर में आयोजित किया गया था। वह पूरी तरह उत्साह से उस पारिवारिक समारोह में शामिल हुए थे और घर का माहौल खुशी से भरा हुआ था।

लेकिन रविवार दोपहर लगभग 1:56 बजे खाना खाने के बाद जब वह घर पर बैठे थे, तभी अचानक उनकी नाक और मुंह से रक्तस्राव होने लगा। परिजन तुरंत उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही कंपनी से जुड़े हर व्यक्ति स्तब्ध रह गया।

ऋतुराज सिन्हा सभी के प्रिय थे, इसलिए उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ने की उम्मीद है। उनका अंतिम संस्कार सोमवार सुबह 9 बजे बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट में किया जाएगा।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !