Jharkhand News: झारखंड में रूफटॉप बार और रेस्टोरेंट की सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा शुरू होने जा रही है. स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति और आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि छतों पर चल रहे बार, रेस्टोरेंट और होटलों की फायर सेफ्टी और संरचनात्मक सुरक्षा की त्वरित जांच की जाए. जिलों से कहा गया है कि वे सात दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजें.
हेमंत सरकार लापरवाही को लेकर नरमी नहीं बरतेगी
मंत्री ने स्पष्ट किया कि हेमंत सोरेन सरकार लापरवाही को लेकर किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरतेगी. सभी होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को किचन की साफ सफाई, गैस पाइपलाइन की स्थिति, चूल्हा और चिमनी सिस्टम तथा फायर सेफ्टी उपकरणों की नियमित तकनीकी जांच अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया गया है. उनका कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी.
गोवा में हुई दुखद घटना पर चिंता जताते हुए मंत्री ने कहा कि यदि ऐसी घटना झारखंड में होती है तो जिम्मेदार अधिकारी सीधे उत्तरदायी माने जाएंगे. उन्होंने हादसे में झारखंड के तीन युवकों की मौत पर शोक व्यक्त किया और प्रधानमंत्री से प्रति परिवार 1 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की. साथ ही उन्होंने बताया कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर राज्य स्तर पर मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे.
ऊंची इमारतों में संचालित बार और रेस्टोरेंट में सुरक्षा व्यवस्था की जांच बेहद जरूरी
राज्य सरकार का यह कदम सुरक्षा मानकों की उपेक्षा पर सख्त रुख को दर्शाता है. गोवा के हादसे ने यह स्पष्ट किया है कि ऊंची इमारतों में संचालित बार और रेस्टोरेंट में सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच बेहद जरूरी है. आदेश के बाद सभी जिलों की रिपोर्ट आने से यह भी सामने आएगा कि किन जगहों पर सुधार की सबसे ज्यादा जरूरत है और कहां लापरवाही का स्तर अधिक है.