जमशेदपुर : परसूडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा में एक माह पहले हुई बाइक जलाने की घटना आखिरकार रविवार को थाने पहुंची। पीड़ित की शिकायत के बाद अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप यह भी है कि घटना के बाद से आरोपी लगातार पीड़ित को जान से मारने और बुरे अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा है।
घटना 17 नवंबर की रात की
सोपोडेरा निवासी विमल पाल ने पुलिस को बताया कि 17 नवंबर की रात लगभग 10 बजे से 10:30 बजे के बीच उनकी बाइक को आग के हवाले कर दिया गया था। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तब उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। डर और तनाव के कारण वह उस समय शिकायत दर्ज नहीं करा पाए, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों के बाद अब जाकर थाने में रिपोर्ट की है।
कौन है आरोपी?
इस मामले में पुलिस ने मां अंबे पथ सोपोडेरा निवासी सूरज श्रीवास्तव उर्फ मार्क को आरोपी बनाया है। पुलिस की जांच में शुरुआती तौर पर यह बात सामने आई है कि यह पूरा विवाद जमीन के मामले से जुड़ा हुआ है। दोनों पक्षों के बीच यह तनाव पहले से चल रहा था, जो अब बाइक जलाने जैसे आपराधिक कदम तक पहुंच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती सबूतों और पीड़ित के बयान के आधार पर मामले पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।