Jamshedpur: चाकुलिया प्रखंड के श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र स्थित स्वर्णरखा नदी के किनारे अवैध बालू खनन का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और खनन विभाग के द्वारा समय-समय पर छापेमारी करने के बावजूद इस समस्या पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है। बालू माफियाओं का नेटवर्क इतना मजबूत है कि वह बिना किसी रोक-टोक के नदी घाट से बालू निकालकर उसे परिवहन के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर पहुंचाया जा रहा हैं।
बालू माफियाओं के खिलाफ कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया
स्थानीय लोग यह देखकर काफी परेशान हैं कि अधिकारियों की लगातार कार्रवाई के बावजूद बालू माफियाओं के खिलाफ कोई सख्त कदम नहीं उठाया जा रहा है। रोजाना चाकुलिया और धालभूमगढ़ क्षेत्र में ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहन बालू से लदा हुआ देखा जाता हैं, जो कि कई बार तो बिना नंबर प्लेट के होते हैं। यह वाहन सीधे बाजारों और विभिन्न विकास योजना स्थलों तक बालू पहुंचाते हैं, जिससे यह सवाल खड़े होते है कि आखिरकार स्थानीय प्रशासन इन गतिविधियों से क्यों अनजान है।
बालू माफियाओं किसी न किसी अधिकारी के संरक्षण में
यह स्थिति स्पष्ट करती है कि बालू माफिया किसी न किसी अधिकारी या राजनीतिक संरक्षण के साये में रहकर यह अवैध कार्य कर रहे हैं। स्थानीय जनता में इस बारे में गहरी नाराजगी जताई है। लोग लगातार पूछ रहे हैं कि आखिर किसके संरक्षण से यह माफिया अपनी मनमानी कर रहे हैं और प्रशासन किस कारण आंखें बंद करके बैठी हुई है।
कैसे होता है संचालन
रोजाना शाम होते ही नदी घाट से बालू लदा हुआ ट्रैक्टर और अन्य वाहन चाकुलिया और धालभूमगढ़ बाजार होते हुए विभिन्न विकास परियोजना स्थलों तक पहुंचते हैं। इस दौरान प्रशासन की नजरें इन वाहनों पर नहीं पड़ती, जिससे यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
अवैध बालू खनन जल्द हो कार्रवाई
स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि इस अवैध बालू खनन और ढुलाई पर तत्काल रोक लगाई जाएं और इसमें सम्मिलित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।