Jharkhand: केंदुआडीह थाना क्षेत्र के राजपूत बस्ती एवं आसपास के इलाकों में हुए कार्बन मोनोऑक्साइड (जहरीली गैस) रिसाव की गंभीर घटना को लेकर धनबाद विधायक राज सिन्हा सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार को उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर प्रभावित परिवारों की समस्याओं और क्षेत्र की चिंताजनक स्थिति से अवगत कराया। विधायक ने बताया कि गैस रिसाव के कारण कई परिवार लगातार स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और कुछ को अपनी सुरक्षा के लिए घर छोड़ना पड़ा है। उन्होंने घटना को एक बड़ा पर्यावरणीय और सामाजिक संकट बताते हुए तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता पर जोर दिया।
व्यवस्था तुरंत सुनिश्चित की जाए
राज सिन्हा ने मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में प्रभावित परिवारों के लिए रोजगार की व्यवस्था, सुरक्षा के समुचित प्रबंध, और उचित मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि बस्ती में रहने वाले परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और वर्तमान स्थिति ने उनके जीवन यापन पर सीधा असर डाला है। विधायक ने यह भी आग्रह किया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर, मेडिकल जांच और सुरक्षित आवास की व्यवस्था तुरंत सुनिश्चित की जाए।
पुनर्वास संबंधी कार्यों को आगे बढ़ाएगी
मुख्यमंत्री ने विधायक की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे और पीड़ित परिवारों को जल्द राहत पहुँचाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। इस मुलाकात से प्रभावित परिवारों में उम्मीद जगी है कि सरकार अब तेजी से राहत और पुनर्वास संबंधी कार्यों को आगे बढ़ाएगी।