Jamshedpur: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एग्रिको सिग्नल से आगे स्थित एक निजी गैरेज में अचानक आग भड़क उठी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि गैरेज में खड़ी एक कार और एक ऑटो में बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण चिंगारी निकली, जो देखते-ही-देखते विकराल लपटों में बदल गई।
आग पर पाया गया काबू
आग की ऊंची लपटें उठते ही आसपास मौजूद लोग घबराकर घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। लोगों ने बिना देर किए दमकल विभाग और सिदगोड़ा थाना को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही अग्निशमन टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए अभियान तेज कर दिया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत और पानी के कई फव्वारे दागने के बाद फायर ब्रिगेड आग को पूरी तरह आग पर काबू पा सकी।
गनिमत रही कोई हताहत नहीं
गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन गैरेज में खड़े वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया और जांच प्रक्रिया शुरू की। गैरेज संचालक ने प्राथमिक जानकारी में बताया कि यह लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट होने की संभावना है। हालांक पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और गैरेज मालिक से पूछताछ भी जारी है।