Seraikela News: उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सरायकेला समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता (FLN) मिशन और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर जोर दिया गया.
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी शिक्षक बायोमीट्रिक अटेंडेंस सुनिश्चित करें, अनुपस्थित या अटेंडेंस न देने वालों के वेतन पर रोक लगाई जाएगी. स्वास्थ्य जांच शिविर रोस्टरवार पूरा करने और सभी बच्चों का आधार नामांकन शीघ्र करने के भी निर्देश दिए गए. कम उपस्थिति वाले विद्यालयों में जनसंपर्क कर अभिभावकों को जागरूक करने पर बल दिया गया.
BEO, BRP और CRP को अपने नामित स्कूलों का नियमित भ्रमण कर शिक्षण गुणवत्ता की समीक्षा करने को कहा गया. UDISE Entry में तेजी लाने, आधार कार्ड निर्गत करने और स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर स्वास्थ्य परीक्षण का रोस्टर बनाने के निर्देश दिए गए. सवित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से छूटी किशोरियों को जोड़ने का भी काम शीघ्र पूरा करने को कहा गया.
उपायुक्त ने कहा, "सभी BEEO नेतृत्वकारी भूमिका निभाएं, लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई होगी." गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुविधाएं जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, प्रखंड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए.