Jamshedpur News: जमशेदपुर में ठंड और कनकनी लगातार बढ़ती जा रही है और तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार ठिठुरन में और इजाफा होने की संभावना बनी हुई है. ऐसे हालात में सुबह स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका असर पड़ सकता है. इसी चिंता को देखते हुए जमशेदपुर अभिभावक संघ ने जिला शिक्षा अधीक्षक को स्कूल समय में बदलाव करने का अनुरोध किया है.
अभिभावक संघ ने पत्र में कहा है कि जमशेदपुर में इस बार का न्यूनतम तापमान पिछले दस सालों का रिकार्ड तोड़ चुका है. बच्चों के लिए सुबह का समय बेहद कठिन हो गया है और इतनी कम तापमान में स्कूल पहुंचना उनके स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है. संघ के अनुसार स्कूल प्रबंधन को मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए तात्कालिक राहत देने की जरूरत है.
समय परिवर्तन को लेकर अभिभावक संघ ने दिया सुझाव
संघ ने दो हिस्सों में समय परिवर्तन का सुझाव दिया है. नर्सरी से कक्षा पांच तक के लिए सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक की कक्षाएं संचालित करने का आग्रह किया गया है. वहीं कक्षा छह से बारह तक के लिए सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक का समय निर्धारित करने की मांग रखी गई है. अभिभावक संघ का कहना है कि यह बदलाव बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है और अत्यधिक ठंड कम होने तक इसे लागू किया जाना चाहिए.
कई राज्यों में कड़ाके की ठंड
सर्दी के मौजूदा हालात को देखते हुए अभिभावक संघ की मांग व्यावहारिक प्रतीत होती है. जमशेदपुर में तापमान लगातार गिर रहा है और छोटे बच्चों के लिए सुबह का समय जोखिमभरा है. कई राज्यों में कड़ाके की ठंड में स्कूल समय बदलने के उदाहरण मिलते हैं. यहां भी स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. प्रशासन और शिक्षा विभाग इस प्रस्ताव पर विचार करके मौसम की स्थिति के अनुसार उचित निर्णय ले सकते हैं.