सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर अपने घर के हिस्से में ही मेडिकल दुकान भी संचालित करते हैं। इसी का लाभ उठाने के उद्देश्य से तीनों अपराधी एक बाइक पर सवार होकर उनके घर पहुंचे। पहले एक अपराधी दवा लेने के बहाने दुकान में घुसा और मौका मिलते ही उसके पीछे दो अन्य अपराधी भी अंदर पहुंच गए।
कुछ ही मिनटों में अंजाम देकर तीनों फरार
घर में प्रवेश करते ही तीनों ने डॉक्टर हरिन्द्र कुमार को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया और कमरे में बंधक बना दिया। इसके बाद अपराधियों ने आलमारी और अन्य सामान खंगालते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने–चांदी के जेवरात और नगदी लूट लिए। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में अंजाम देकर तीनों फरार हो गए।
इधर, घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में डॉक्टर के घर पहुंच गए। वहीं सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह साफ प्रतीत हो रहा है कि अपराधियों ने घटना से पहले घर और मेडिकल दुकान की रेकी की थी। अपराधियों की गतिविधियों और वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस विभिन्न कोणों से जांच में जुटी है।
घटना के संबंध में जमुआ इंसपेक्टर सह थाना प्रभारी प्रदीप कुमार दास ने बताया कि
“घटना की गहराई से जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान के लिए विशेष टीम बनाई गई है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी। कानून से कोई भी अपराधी बच नहीं सकता।
तकनीकी और मानव संसाधन दोनों स्तरों पर कोशिशें तेज कर दी हैं
इस सनसनीखेज डकैती के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और रात–दिन गश्ती बढ़ाने की मांग की है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए तकनीकी और मानव संसाधन दोनों स्तरों पर कोशिशें तेज कर दी हैं।