Seraikela News: जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन द्वारा गम्हारिया स्थित विभिन्न रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण किया गया. इस निरीक्षण का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना था. निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंटों की स्वच्छता, खाद्य भंडारण व्यवस्था और भोजन तैयार करने में उपयोग किए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की विस्तृत जांच की गई.
जांच के दौरान एक रेस्टोरेंट से पनीर का नमूना संग्रह किया गया, जिसकी प्रारंभिक जांच में पनीर मिलावटी पाया गया. इसके बाद कुल 08 किलोग्राम मिलावटी पनीर को नियमानुसार नष्ट कराया गया.
निरीक्षण के बाद सभी रेस्टोरेंट संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे खाद्य सामग्री केवल ज्ञात और प्रमाणित स्रोतों से ही खरीदें, किसी भी प्रकार की एक्सपायर्ड, बिना लेबल या संदिग्ध खाद्य सामग्री का उपयोग न करें. साथ ही, किचन और भंडारण क्षेत्र की नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करें, खाद्य पदार्थों को ढककर सुरक्षित रखें, और कर्मचारियों द्वारा स्वच्छ वर्दी, हैंडग्लव्स एवं हेडकवर का प्रयोग अनिवार्य रूप से कराएं.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.