Jharkhand Weather Update: झारखंड में ठंड और कनकनी का असर बढ़ गया है. सर्द हवाओं ने रांची सहित कई जिलों के न्यूनतम तापमान को नीचे खिसका दिया है. पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी के कांके में तापमान गिरकर 3.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा. इसी तरह मैकलुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान घटकर 5 डिग्री पहुंच गया. इसके बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी की संभावना जताई है.
राज्य के कई हिस्सों में कुहासा और शीतलहर बढ़ेगा
राजधानी रांची में कड़ाके की ठंड जारी है. राज्य के गुमला, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पलामू समेत तेरह जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है. कई स्थानों पर शीतलहर जैसी स्थिति रही. संताल परगना में लगातार चौथे दिन सुबह कुहासा छाया रहा. विभाग का अनुमान है कि शनिवार से राज्य के कई हिस्सों में कुहासा और शीतलहर का असर और बढ़ सकता है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट की आशंका है.
कई जिलों में सुबह की दृश्यता 500 मीटर से कम
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी हवाओं की रफ्तार और दिशा में बदलाव के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. फिलहाल इन हवाओं का असर कुछ दिनों तक जारी रहने का अनुमान है. देवघर सहित संताल क्षेत्र के कई जिलों में सुबह दृश्यता 500 मीटर से कम रही. तेरह दिसंबर से कुहासा और घना होने की संभावना व्यक्त की गई है.
फिलहाल ठंड से राहत नहीं
आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है. अगले 24 घंटे बाद न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक बढ़ोतरी संभव है लेकिन कनकनी बनी रहेगी. सुबह घना कुहासा रहेगा जबकि दिन में दस बजे के बाद आसमान साफ होने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि सर्द हवाओं का असर अभी जारी रहेगा. अगले दो दिनों के दौरान सुबह के समय कुहासा बढ़ सकता है. न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि संभव है लेकिन ठंड का असर कम नहीं होगा.
दैनिक यात्रा के दौरान सतर्क रहना जरुरी
राज्य में तापमान तेजी से नीचे जा रहा है और उत्तरी हवाओं का रुख मौसम को और कठोर बना रहा है. कुहासा, दृश्यता में कमी और शीतलहर का प्रभाव आने वाले दिनों में जनजीवन को प्रभावित कर सकता है. किसानों से लेकर दैनिक यात्रियों तक सभी वर्गों को सतर्क रहने की जरूरत है.