Jharkhand News: झारखंड पुलिस के आईजी प्रशिक्षण के अनुरोध पर श्री कृष्ण लोक प्रशासन संस्थान रांची में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए एक IPS अधिकारी सहित कुल 9 पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. यह प्रशिक्षण JPSC-2023 के माध्यम से चयनित 342 पदाधिकारियों के लिए निर्धारित है. कार्यक्रम 16 दिसंबर से शुरू होकर 28 दिसंबर तक चलेगा. प्रतिनियुक्त अधिकारियों को 15 दिसंबर तक संस्थान में योगदान देने का निर्देश जारी किया गया है.
ये अधिकारी किए गए प्रतिनियुक्त
प्रतिनियुक्त अधिकारियों में IPS नाथु सिंह मीणा के साथ एएसपी अविनाश कुमार शामिल हैं. इनके अलावा डीएसपी रैंक के अधिकारियों में वीरेंद्र चौधरी, मंजरुल होदा, मुकेश महतो, मुजीबुर रहमान, कुलदीप कुमार, भूपेंद्र राउत और कपिंद्र उरांव का नाम सूची में दर्ज है. ये अधिकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन, अनुशासन और समन्वय से संबंधित जिम्मेदारियों को संभालेंगे.
अनुभवी अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति से प्रशिक्षण की गुणवत्ता होगी बेहतर
जेपीएससी के माध्यम से चयनित बड़ी संख्या में पदाधिकारियों के लिए आयोजित यह प्रशिक्षण झारखंड पुलिस की भावी कार्यशैली और दक्षता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. अनुभवी अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति से प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और बेहतर करने की रणनीति दिखाई देती है. यह कार्यक्रम नये अधिकारियों को पेशेवर दायित्वों और जमीनी चुनौतियों के लिए व्यावहारिक रूप से तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा.