Chowka News: सरायकेला में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर जिले भर में अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. गुरुवार देर शाम चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार ने थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में अभियान चलाकर अड्डेबाजी कर रहे युवकों को हटाया और उन्हें कड़ी चेतावनी दी.
अपराध पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए अड्डेबाजी पर रोक बेहद जरूरी
थाना प्रभारी ने बताया कि अपराध पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए अड्डेबाजी पर रोक बेहद जरूरी है, क्योंकि कई बार तक समूह में बैठने वाले युवक गलत संगत में पड़कर अपराध की ओर बढ़ सकते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित होता है. इसी कारण चौका थाना पुलिस लगातार पैदल गश्ती बढ़ा रही है और संदिग्ध ठिकानों की निगरानी कर रही है.
चौका बाजार, चौक, एनएच किनारे के कई स्थानों और गांवों के समीप ऐसी सभी जगहों की जांच
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने चौका बाजार, चौक, एनएच किनारे के कई स्थानों और गांवों के समीप ऐसी सभी जगहों की जांच की, जहां अक्सर युवकों के इकट्ठा होने की शिकायत मिलती रही है. पुलिस ने संबंधित युवकों को समझाते हुए बताया कि रात में अनावश्यक समूह में बैठने से वे खुद भी खतरे में पड़ सकते हैं और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है.
स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील
पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत चौका थाना को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखी जा सके.