Seraikela News: सरायकेला समाहरणालय परिसर से उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने जिले में धान अधिप्राप्ति संबंधी जागरूकता अभियान के तहत एक जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ जिले के 27 धान अधिप्राप्ति केंद्रों की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाएगा और किसानों को अधिप्राप्ति की जरूरी प्रक्रियाओं से अवगत कराएगा.
उपायुक्त ने कहा, "किसानों को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध धान क्रय व्यवस्था उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है. सभी अधिप्राप्ति केंद्रों पर आवश्यक संसाधन और सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू हो." उन्होंने बताया कि जागरूकता रथ के जरिए सही और अपडेटेड जानकारी गांव-गांव पहुंचेगी, जिससे किसानों को कोई कठिनाई नहीं होगी.
उपायुक्त ने अधिकारियों को अधिप्राप्ति केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और किसानों के समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. धान अधिप्राप्ति 15 दिसंबर 2025 से शुरू हो रही है. रथ के माध्यम से किसानों को पंजीकरण प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज, धान की गुणवत्ता मानक और निर्धारित दरों की जानकारी दी जाएगी, साथ ही समय पर पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा.
जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों में भ्रमण कर ऑडियो संदेश और प्रचार सामग्री के जरिए किसानों में जागरूकता बढ़ाएगा. कार्यक्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेंद्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद थे.