Jharkhand News: धनबाद में रेल सुविधाओं को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. क्षेत्र से चलने वाली कई स्पेशल ट्रेनों को अब नियमित किए जाने का रास्ता साफ होता दिख रहा है. धनबाद सांसद ढुलू महतो ने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैश्णव ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है. सांसद ने गुरुवार को एक प्रतिनिधिमंडल के साथ रेल मंत्री से मुलाकात की और धनबाद से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगों पर चर्चा की.
बैठक के दौरान रेल मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मुलाकात के दौरान रेल मंत्री ने आश्वस्त किया कि स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने का आदेश जल्द जारी किया जाएगा. सांसद के अनुसार, रेल मंत्री ने बैठक के दौरान अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक निर्देश भी दिए. जिन ट्रेनों को नियमित करने का रास्ता साफ हुआ है, उनमें धनबाद एलटीटी मुंबई, धनबाद जम्मूतवी, कोयंबटूर धनबाद, उधना धनबाद और भुवनेश्वर धनबाद स्पेशल ट्रेन का संचालन शामिल है.
बैंक मोड़ से भूली मोड़ के बीच प्रस्तावित अंडरपास पर भी हुई बात
प्रतिनिधिमंडल की ओर से बैंक मोड़ से भूली मोड़ के बीच प्रस्तावित अंडरपास पर भी बात हुई. रेल मंत्री ने इस परियोजना की स्वीकृति जल्द देने का आश्वासन दिया. इसके अलावा, धनबाद से एसएमवीटी बेंगलुरु के लिए सीधी ट्रेन, धनबाद से दिल्ली के लिए बेहतर कनेक्टिविटी और अन्य ट्रेन सेवाओं को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई.
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस और कोलफील्ड एक्सप्रेस का बराकर और कुमारधुबी में ठहराव बढ़ाने के प्रस्ताव को संबंधित जोन को भेजने की बात कही गई. धनबाद-पटना इंटरसिटी का कुमारधुबी स्टेशन पर ठहराव भी प्रस्तावित किया गया है.
बोकारो से चार नई मेमू सेवाएं शुरू करने की मांग
भागा रेलवे स्टेशन पर ओवरब्रिज निर्माण, बोकारो से जीएनडब्ल्यूएल कोटा सुनिश्चित करने, बोकारो से चार नई मेमू सेवाएं शुरू करने की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी गई. मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में जिला सांसद प्रतिनिधि नितिन भट्ट, संजय झा, जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव अजय नारायण लाल सहित कई सदस्य मौजूद थे.
रेल संबंधी सुविधाओं का विस्तार यात्रियों के लिए राहत की खबर
धनबाद क्षेत्र के लिए रेल संबंधी सुविधाओं का विस्तार यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने से लंबी दूरी की यात्रा आसान होगी. साथ ही, स्थानीय स्तर पर अंडरपास और नए ठहरावों की स्वीकृति मिलने पर आवागमन और सुगम हो सकता है. यह बैठक क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए सकारात्मक कदम माना जा रहा है.