Jamshedpur: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में नशे के अवैध धंधे पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने बीती रात बड़ी कार्रवाई की। थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर परसुडीह बाजार समिति के पास छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो युवकों को पकड़ने में सफलता हासिल की और उनके पास से 18 पुड़िया ब्राउन शुगर भी बरामद की।
आरोपियों की पहचान
जानकारी के अनुसार पकड़े गए दोनों युवक पहले भी पुलिस की निगाहों में थे, हालांकि उन्हें पहली बार इस तरह के मामले में हिरासत में लिया गया है। थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने स्वयं अपने बयान पर चार व्यक्तियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। आरोपी सूची में परसुडीह संत अंथोनी हाई स्कूल के पास बाहागढ़ निवासी रतन बास्ते उर्फ बुतरू (23), बागबेड़ा सोमाय झोपड़ी घटरापाड़ा के रौशन बारला (26), बागबेड़ा के मंझला, और मानगो निवासी इरफान के नाम शामिल हैं। इनमें से रतन और रौशन को छापेमारी के दौरान पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं।
आरोपियों को धर दबोचा
पुलिस ने बताया कि चारों की गतिविधियों पर पहले से ही नजर रखी जा रही थी। जिसके बाद सूचना पुख्ता होते ही टीम को सक्रिय किया गया और बाजार समिति क्षेत्र में घेराबंदी कर दो आरोपियों को धर दबोचा गया। तलाशी के दौरान मिले ब्राउन शुगर के नमूनों को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
इधर फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि गिरफ्तार युवकों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इलाके में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।