Ramgarh: रामगढ़ जिले के हेसालौंग चौक पर शनिवार तड़के करीब 4:30 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जहां तेज रफ्तार में जा रही एक हाईवा अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जान-माल की हानि नहीं
जानकारी के अनुसार क्षतिग्रस्त मकान हेसालौंग निवासी रूपलाल साव का है, जिन्होंने घर के आगे बने दुकानों को किराए पर दे रखा है। हादसे के वक्त दुकानें बंद थी, जिससे किसी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई। दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन के अंदर ही फंस गया था, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
लगातार दुर्घटनाएं का कारण जानें
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र की सड़कें काफी जर्जर हो चुकी हैं और भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने परिवहन विभाग से तेज गति से चलने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने और सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
न्यूज26 की अपील
प्रशासन और स्थानीय लोगों से अपील है कि वह सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीरता बरते। भारी वाहन चालकों से अनुरोध है कि रिहायशी इलाकों में निर्धारित गति सीमा का पालन करें और लापरवाही से वाहन न चलाएं। वहीं प्रशासन से मांग है कि जर्जर सड़कों की जल्द मरम्मत कराई जाए और तेज रफ्तार वाहनों पर नियमित जांच व सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।