Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चाईबासा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ घूम रहे तीन संदिग्धों को धर दबोचा। यह कार्रवाई 13 दिसंबर को की गई।
सूचना के अनुसार कुछ अपराधी अवैध हथियारों से लैस होकर एक ऑल्टो कार में चक्रधरपुर से चाईबासा की ओर आ रहे थे और किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी के दौरान कई सामान बरामद
छापामारी टीम ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम शारदा के समीप संदिग्ध ऑल्टो कार को रोककर उसकी तलाशी ली। कार में सवार तीन व्यक्तियों ने अपना नाम सरोज बोहरा, श्यामलाल केराई और सिकंदर केराई बताया। तलाशी के दौरान सरोज बोहरा के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। वही श्यामलाल केराई के पास से दो अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन मिले। इसके अलावा वाहन से कई मोबाइल फोन और नकद राशि भी जब्त की गई।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों के पास हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। इसके बाद पुलिस ने अवैध हथियार, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री को जब्त करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।