Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-15

Jharkhand News: झारखंड में लूट और चोरी की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता, ग्रामीण और अर्ध शहरी इलाकों में बैंकों पर बढ़े हमले

Jharkhand News: झारखंड के अलग-अलग जिलों में लूट और चोरी से जुड़ी कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं. इनमें दिनदहाड़े बैंक डकैती, एटीएम में तोड़फोड़ और बैंक शाखाओं में चोरी की नाकाम कोशिशें शामिल हैं. राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति की रिपोर्ट बताती है कि अपराधियों का फोकस अब बड़े शहरी इलाकों से हटकर ग्रामीण और अर्ध शहरी क्षेत्रों की बैंक शाखाओं पर ज्यादा हो गया है. इन तथ्यों का उल्लेख राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति की 18वीं बैठक के लिए तैयार दस्तावेज में किया गया है.

25 सितंबर को मधुपुर में एचडीएफसी बैंक में दिनदहाड़े डकैती
देवघर जिले के मधुपुर में 25 सितंबर 2025 को एचडीएफसी बैंक की शाखा में दिनदहाड़े बड़ी डकैती की घटना हुई. हथियारों से लैस बदमाश बैंक में घुसे और बंदूक के दम पर पूरी शाखा को अपने कब्जे में ले लिया. इस दौरान बैंक कर्मियों और ग्राहकों के साथ मारपीट की गई और उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए. बदमाश बैंक से 1.64 करोड़ रुपये नकद लेकर फरार हो गए. इसके साथ ही गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखे गए करीब 2200 ग्राम सोने के 41 लोन पैकेट भी लूट लिए गए.

रांची में एक्सिस बैंक बना निशाना
रांची में एक्सिस बैंक के एटीएम को निशाना बनाने की एक कोशिश भी सामने आई. पांच जून की देर रात पंडरा स्थित एक्सिस बैंक ब्रांच के एटीएम में तोड़फोड़ का प्रयास किया गया. रात करीब 12.40 बजे सेंट्रल कमांड सेंटर को एटीएम लॉबी से आग लगने का अलर्ट मिला. जांच में सामने आया कि एक बदमाश ने एटीएम मशीन के चेस्ट तक पहुंचने की कोशिश की और लॉबी कैमरे पर काला पेंट स्प्रे कर उसे निष्क्रिय करने का प्रयास किया. पेंट स्प्रे होते ही साउंड अलार्म बज गया, जिसके बाद बदमाश मौके से भाग निकला. बैंक के अनुसार इस घटना में किसी तरह का वित्तीय नुकसान नहीं हुआ और एटीएम सुरक्षित रहा. इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई.

महेशपुर में बंधन बैंक की शाखा में भी चोरी की कोशिश
पाकुड़ जिले के महेशपुर में बंधन बैंक की शाखा में भी चोरी की कोशिश की गई. 11 जुलाई 2025 को बैंक बंद होने के बाद एक अज्ञात बदमाश वेंटिलेशन फैन तोड़कर शाखा के अंदर घुस गया. उसने वॉल्ट से नकदी निकालने की कोशिश की, लेकिन किसी वजह से वह सफल नहीं हो सका. यह घटना बैंक शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है.

डुमरी में भी बंधन बैंक की शाखा को बनाया गया निशाना
गिरिडीह जिले के डुमरी में भी बंधन बैंक की शाखा को निशाना बनाया गया. सात अक्टूबर 2025 की रात बैंक बंद होने के बाद बदमाशों ने कोलैप्सिबल गेट, शटर और वॉल्ट रूम का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया. हालांकि वे नकदी नहीं ले जा सके. लेकिन पहचान छुपाने के उद्देश्य से सीसीटीवी का डीवीआर चुरा ले गए.

ग्रामीण और अर्ध शहरी क्षेत्रों में लूट और डकैती की घटनाएं ज्यादा हो रही
रिपोर्ट के विश्लेषण में यह बात सामने आई है कि ऐसी घटनाएं अब शहरी इलाकों की तुलना में ग्रामीण और अर्ध शहरी क्षेत्रों में ज्यादा हो रही हैं. यह संकेत करता है कि ग्रामीण इलाकों की बैंक शाखाएं अपराधियों के लिए आसान लक्ष्य बन रही हैं. सुरक्षा समिति ने माना है कि इन क्षेत्रों में बैंक सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल मजबूत किए जाने की जरूरत है ताकि लूट और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.

अपराधी बैंक सुरक्षा में मौजूद कमजोरियों का फायदा उठा रहे
राज्य के अलग अलग हिस्सों में सामने आई इन घटनाओं से साफ है कि अपराधी बैंक सुरक्षा में मौजूद कमजोरियों का फायदा उठा रहे हैं. खासकर ग्रामीण और अर्ध शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा संसाधनों की कमी उन्हें मौका दे रही है. यदि समय रहते इन शाखाओं में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ नहीं किया गया तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं, जिससे बैंक कर्मियों और आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा होगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !