Political News: भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को आगामी 2026 विधानसभा चुनावों को लेकर अहम संगठनात्मक घोषणाएं की हैं. पार्टी ने तमिलनाडु और असम के लिए चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी के नाम तय कर दिए हैं. इन नियुक्तियों को चुनावी तैयारी की दिशा में निर्णायक कदम माना जा रहा है.
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी पत्र के अनुसार तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की कमान केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को सौंपी गई है. वहीं असम विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा को चुनाव प्रभारी बनाया गया है.
अर्जुन राम मेघवाल और मुरलीधर मोहोल को सह प्रभारी नियुक्त
तमिलनाडु में पीयूष गोयल के साथ अर्जुन राम मेघवाल और मुरलीधर मोहोल को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है. दूसरी ओर असम में बैजयंत पांडा के साथ सुनील कुमार शर्मा और दर्शना बेन जरदोश सह प्रभारी की भूमिका निभाएंगे. पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इन नियुक्तियों से संगठनात्मक समन्वय मजबूत होगा.
पीयूष गोयल का प्रशासनिक अनुभव संगठन को नई दिशा देगी
तमिलनाडु में भाजपा लंबे समय से द्रविड़ दलों के प्रभाव वाले राजनीतिक माहौल में अपनी पकड़ बढ़ाने की कोशिश कर रही है. पार्टी को उम्मीद है कि पीयूष गोयल का प्रशासनिक अनुभव और केंद्रीय मंत्री के रूप में उनकी भूमिका संगठन को नई दिशा देगी और चुनावी रणनीति को मजबूती मिलेगी.
असम में बैजयंत पांडा को सौंपी गई जिम्मेदारी को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पूर्वोत्तर राज्यों में उनका संगठनात्मक अनुभव रहा है और पार्टी पहले भी उनकी भूमिका में चुनावी सफलता देख चुकी है. इस बार भी पार्टी को उनसे प्रभावी चुनावी प्रबंधन की उम्मीद है.
संगठनात्मक मजबूती और चुनावी प्रबंधन भाजपा की प्राथमिकता
भाजपा ने 2026 विधानसभा चुनावों से पहले नेतृत्व की भूमिका तय कर साफ कर दिया है कि पार्टी पूरी तरह चुनावी तैयारी में जुट चुकी है. तमिलनाडु जैसे चुनौतीपूर्ण राज्य और असम जैसे रणनीतिक रूप से अहम प्रदेश में अनुभवी नेताओं की नियुक्ति यह संकेत देती है कि संगठनात्मक मजबूती और चुनावी प्रबंधन भाजपा की प्राथमिकता में है.