Adityapur News: आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य सड़क पर स्थित पटेल चौक पर पटेल विचार मंच द्वारा स्वतंत्रता सेनानी और भारत के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 75वीं पुण्यतिथि पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर उनके स्मारक पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई.
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पटेल विचार मंच के मुख्य संरक्षक एवं अधिवक्ता ओम प्रकाश, अध्यक्ष सुनील कुमार न्यूटन, मदन सिंह, सुशील कुमार मंडल, विजय कुमार चौधरी, राजू चौधरी, अच्छे पांडे, बिनोद सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
अधिवक्ता ओम प्रकाश ने पटेल जी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, "पटेल जी देश की संरचना के सच्चे शिल्पकार थे. उन्होंने 565 राज राजवाड़ों को एकजुट कर अखंड भारत का सपना साकार किया. गृह मंत्री के रूप में उन्होंने न्याय प्रणाली को शक्ति से लागू किया, जिससे सभी धर्मों के लोग सुरक्षित हुए. डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान में इतनी ताकत दी कि पूरा देश एकजुट होकर प्रगति की ओर अग्रसर है. ऐसे महापुरुषों को बार-बार नमन है.
गुलाल अर्पण के बाद पटेल विचार मंच के अध्यक्ष सुनील कुमार न्यूटन ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा यह कार्यक्रम हमारे लिए गर्व का क्षण है. हम आगे भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से सरदार पटेल के आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे.
इस कार्यक्रम ने आदित्यपुर के लोगों को सरदार पटेल के जीवन और कार्यों से प्रेरणा लेने का अवसर दिया. उनकी एकता और अखंडता की भावना आज भी प्रासंगिक है और समाज को जोड़ने का संदेश देती है.