Ranchi: रांची शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़कों पर अनुशासन कायम करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त फैसले लेने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। इसके तहत अब शहर में संचालित ई-रिक्शा (टोटो) चालकों की अलग पहचान तय की जाएगी। सभी चालकों के लिए यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य होगा, वहीं वाहन के पीछे चालक का नाम और मोबाइल नंबर स्पष्ट व बड़े अक्षरों में अंकित करना जरूरी होगा।
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था विस्तार से चर्चा
मुख्यमंत्री के हालिया रांची दौरे के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में रविवार को एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, प्रमुख चौक-चौराहों के सुव्यवस्थित संचालन और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि ई-रिक्शा के संचालन से यातायात बाधित न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए ई-रिक्शा चालक संघ के साथ बैठक कर निर्धारित मार्गों, संचालन नियमों और यातायात नियमों के सख्त पालन पर सहमति बनाई जाए।
अभियान चलाने के निर्देश
शहर को अतिक्रमण मुक्त करने को लेकर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। प्रमुख सड़कों, फुटपाथों और चौक-चौराहों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए अंचल अधिकारियों और नगर निगम की संयुक्त टीम को अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।
बेतरतीब ढंग से लगाए गए बिजली के खंभों और उन पर लटके अव्यवस्थित तारों को लेकर भी चिंता जताई गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को टेलीकॉम कंपनियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर तारों को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कम हो और शहर की सुंदरता में सुधार आए।
महिला सुरक्षा पर बैठक में विशेष ध्यान
महिला सुरक्षा को लेकर भी बैठक में विशेष ध्यान दिया गया। उपायुक्त ने भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और शिक्षण संस्थानों के आसपास निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित लोग
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि रांची शहर को चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण मुक्त, यातायात के अनुकूल, नागरिकों के लिए सुरक्षित और सौंदर्य की दृष्टि से बेहतर बनाया जाएगा। बैठक में नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव, एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी गौतम राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ग्रामीण एसपी पुष्कर राणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।