Adityapur News: आदित्यपुर में राष्ट्रपति के 29 दिसंबर को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह से पहले ही सफाई व्यवस्था चरमरा गई है. आदित्यपुर नगर निगम के तहत काम करने वाले सफाई कर्मी 16 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में सफाई कार्य ठप हो गया है. यह हड़ताल जिला प्रशासन की तैयारियों पर भारी पड़ रही है, खासकर जब राष्ट्रपति का कार्यक्रम नजदीक है.
सफाई कर्मियों ने बताया कि क्यूब वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने उन्हें 15 दिसंबर तक बकाया वेतन और बोनस के भुगतान का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन कंपनी ने इसे पूरा नहीं किया. मजदूरों के नेतृत्वकर्ता ओम प्रकाश सिंह ने जानकारी दी कि 9 दिसंबर को श्रम अधीक्षक कार्यालय में भी इस संबंध में लिखित आदेश दिया गया था. कंपनी और मजदूरों को अब दोबारा वार्ता के लिए श्रम अधीक्षक कार्यालय बुलाया गया है.
आक्रोश का एक मुख्य कारण यह भी है कि क्यूब वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी के एक मजदूर राजेश हेंब्रम की काम के दौरान घायल होने के बाद सही इलाज न मिलने से मौत हो गई. बताया गया है कि उन्हें इलाज के लिए ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन ईएसआई बकाया न होने के कारण इलाज नहीं हो सका और उनकी जान चली गई. इस घटना से आक्रोशित होकर कर्मचारियों ने नगर निगम गेट पर विरोध प्रदर्शन किया और अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी है.
यदि यह हड़ताल जल्द खत्म नहीं होती है, तो राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व आदित्यपुर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है. स्थानीय निवासी और व्यापारियों में भी चिंता बढ़ रही है, क्योंकि गंदगी और कूड़ा-कचरा सड़कों पर फैल गया है.