Jharkhand: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के साथ-साथ दक्षिण-पूर्व दिशा से आ रही ठंडी और नम हवाओं के प्रभाव से झारखंड में मौसम की स्थिति काफी बिगड़ गई है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में ठंड में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, वहीं सुबह और देर रात घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
14 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार अगले तीन दिनों तक झारखंड के 14 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इन जिलों में राजधानी रांची के अलावा गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर और जामताड़ा शामिल हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह स्थिति 22 दिसंबर तक बनी रह सकती है। इस दौरान कई इलाकों में शीतलहरी चलने की भी आशंका जताई गई है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ सकती है।
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। रांची समेत राज्य के नौ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। लगातार गिरते तापमान और घने कोहरे को देखते हुए मौसम विभाग ने संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
आम जनता से अपील
मौसम विभाग ने लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी है। सड़क पर वाहन चलाने वाले चालकों को धीमी गति से चलने, फॉग लाइट का उपयोग करने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है। वहीं, पैदल चलने वालों को भी सुबह और देर रात के समय अतिरिक्त सावधानी रखने की जरूरत है। ठंड और कोहरे के इस दौर में स्वास्थ्य का ध्यान रखने और गर्म कपड़ों का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।