Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-20

Seraikela News: कपाली के एक व्यक्ति के साथ बेरहमी से मारपीट करने का लगा SI पर आरोप

Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत कपाली ओपी में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर रजिक खान पर एक युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. पीड़ित का नाम अब्दुल नाज़िर बताया जा रहा है. वहीं, पुलिस की ओर से इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया गया है.

क्या है मामला
मामला कपाली रामु होटल के पास का है. पीड़ित अब्दुल नाज़िर ने बताया कि वह 3 दिसंबर को सऊदी अरब से भारत लौटे थे और 16 दिसंबर को उनका वलीमा आयोजित किया गया था. वलीमा के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर से लौट चुके थे. इसी दौरान शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे वह अपनी कार को लॉक करने के लिए घर से बाहर निकले थे, जहां उनके साथी जावेद और राशिद भी मौजूद थे.

इसी बीच कपाली ओपी की गश्ती गाड़ी वहां पहुंची, जिसमें सब इंस्पेक्टर रजिक खान भी मौजूद थे. आरोप है कि गाड़ी से उतरते ही एसआई रजिक खान ने बिना किसी पूछताछ के उनके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे उनके पैर में गंभीर सूजन आ गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने अंदरूनी चोट की पुष्टि की है.

पुलिस द्वारा किसी तरह की मारपीट नहीं की गई
वहीं दूसरे पक्ष में सब इंस्पेक्टर रजिक खान ने मारपीट के आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उन्होंने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर देर रात अड्डाबाजी करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी. गश्ती के दौरान रामु होटल के पास कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में दिखे, जिन्हें खदेड़ा गया. पुलिस को देखते ही सभी युवक भागने लगे और संभव है कि भागने के दौरान  युवक को चोट लगी हो. पुलिस द्वारा किसी तरह की मारपीट नहीं की गई है. वहीं पीड़ित अब्दुल नाज़िर का कहना है कि रामु होटल के पास ही उनका घर है और वह सिर्फ अपनी कार लॉक करने बाहर आए थे, किसी तरह की अड्डाबाजी नहीं कर रहे थे.

फिलहाल यह मामला जांच का विषय है कि उस वक्त युवक वास्तव में अड्डाबाजी कर रहे थे या फिर बिना जांच के पीड़ित के साथ मारपीट की गई. सच क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !