Jharkhand: क्रिसमस त्योहार को देखते हुए झारखंड सरकार ने राज्यकर्मियों को बड़ी सौगात दी है। हेमंत सरकार ने दिसंबर महीने का वेतन निर्धारित समय से पहले जारी करने का फैसला लिया है। इस निर्णय के तहत राज्य के सभी कर्मचारियों को 23 दिसंबर 2025 से ही उनका मासिक वेतन मिलना शुरू हो जाएगा।
वित्त विभाग ने आवश्यक आदेश जारी किए
इस पहल की शुरुआत झारखंड हाईकोर्ट के महानिबंधक के द्वारा की गई थी। उन्होंने पत्रांक 3170/15.12.2025 के माध्यम से राज्य सरकार से वेतन अग्रिम भुगतान का अनुरोध किया था। इस प्रस्ताव पर वित्त विभाग ने सहमति जताते हुए आवश्यक आदेश जारी कर दिए हैं।
अधिकारियों को वेतन 23 दिसंबर से उपलब्ध
वित्त विभाग द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि झारखंड सरकार, राज्यपाल सचिवालय, झारखंड उच्च न्यायालय तथा विधानसभा सचिवालय में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को दिसंबर माह का वेतन 23 दिसंबर से उपलब्ध कराया जाएगा।
इस संबंध में सरकार की उप सचिव ज्योति कुमारी झा ने राज्य के सभी कोषागार पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया हैं, ताकि निर्धारित तिथि से वेतन भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
झारखंड सरकार की परंपरा
बता दें कि झारखंड सरकार की परंपरा रही है कि बड़े पर्व-त्योहारों के अवसर पर कर्मचारियों को अग्रिम वेतन की सुविधा दी जाती है। दुर्गा पूजा, दीपावली-छठ, ईद, होली और क्रिसमस जैसे त्योहारों से पहले सरकार पूर्व में भी ऐसे निर्णय लेती रही है। हाल ही में दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान भी कर्मचारियों को समय से पहले वेतन दिया गया था।
स्थानीय बाजारों में भी सकारात्मक प्रभाव
सरकार के इस निर्णय का झारखंड राज्य कर्मचारी महासंघ ने स्वागत किया है। महासंघ के उपाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने कहा कि त्योहार से पहले वेतन मिलने से कर्मचारियों को आवश्यक खरीदारी और अन्य खर्चों में आसानी होती है। इसके साथ ही इस कदम से स्थानीय बाजारों में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।