Ranchi Crime News: राजधानी रांची के टाटीसिल्वे रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. स्टेशन की लाइन नंबर-3 में खड़ी सेना की ट्रेन में एक महिला के साथ दुष्कर्म किया गया. घटना के बाद रेलवे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सेना के जवान को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.
दुष्कर्म का मामला दर्ज
टाटीसिल्वे रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन में महिला से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है. आरोपी की पहचान सेना के जवान अजीत सिंह के रूप में हुई है. वह मूल रूप से प्रयागराज के शाहपुर का रहने वाला है और वर्तमान में पटियाला स्थित 42 मीडियम रेजिमेंट में तैनात है.
जबरन खाली बोगी में ले जाकर किया दुष्कर्म
जांच में सामने आया है कि सेना की यह ट्रेन गुवाहाटी से नामकुम आर्मी हेडक्वार्टर तक सामान पहुंचाने के बाद 15 दिसंबर से अगले आदेश तक टाटीसिल्वे स्टेशन पर खड़ी थी. अजीत सिंह को इसी ट्रेन की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी. आरोप है कि इसी दौरान उसने स्टेशन पर मौजूद महिला को जबरन खाली बोगी में ले जाकर दुष्कर्म किया.
पीड़िता ने जीआरपी को बताया कि वह अनगड़ा से टाटीसिल्वे स्टेशन पहुंची थी और रांची जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही थी. शाम करीब 5.30 बजे आरोपी जवान ने उसे जबरन खींचकर लाइन नंबर-3 में खड़ी ट्रेन में ले गया. बोगी का दरवाजा बंद कर मारपीट करते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया गया.
शोर मचाने पर आरपीएफ के जवान पहुंचे
महिला के शोर मचाने पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे. दरवाजा खुलवाने की कोशिश के दौरान आरोपी घबरा गया और भागने का प्रयास किया. इस दौरान आरोपी और आरपीएफ जवानों के बीच झड़प भी हुई जिसमें दो जवान घायल हो गए. बाद में आरोपी को पकड़ लिया गया. पीड़िता की मेडिकल जांच कराई जा चुकी है. शनिवार को कोर्ट में बयान दर्ज कराया जाएगा.
सेना जैसी अनुशासित संस्था से जुड़े व्यक्ति पर इस तरह का आरोप कानून व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती
यह घटना रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार पदों पर तैनात कर्मियों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती है. सेना जैसी अनुशासित संस्था से जुड़े व्यक्ति पर इस तरह का आरोप कानून व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती है. मामले में तेज कार्रवाई भरोसा तो दिलाती है लेकिन ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की जरूरत साफ नजर आती है.