Janshedpur : नए साल और पिकनिक सीजन की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जुबली पार्क के दोनों मुख्य गेट 12 दिनों के लिए बंद रहेंगे। टाटा स्टील प्रबंधन के अनुरोध पर जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है। इस संबंध में धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी चंद्रजीत सिंह ने आदेश जारी करते हुए जुबली पार्क के दोनों गेट को 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि हर वर्ष नए साल के मौके पर जुबली पार्क में पिकनिक मनाने वालों की भारी भीड़ उमड़ती है। बड़ी संख्या में लोग पार्क में घूमने और समय बिताने पहुंचते हैं, जिससे सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चुनौतियां बढ़ जाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। बताया जाता है कि जुबली पार्क के भीतर से होकर बिष्टूपुर, सोनारी और कदमा को जोड़ने वाली सड़क पर नए साल के दौरान वाहनों की आवाजाही से जाम और हादसों की आशंका बनी रहती है। ऐसे में पार्क के दोनों गेट बंद कर इस मार्ग को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि पिकनिक मनाने आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

हालांकि, गेट बंद रहने के दौरान आम लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा। ट्रैफिक पुलिस की ओर से वैकल्पिक रास्तों पर अतिरिक्त व्यवस्था करने की बात कही गई है, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी रहे और लोगों को ज्यादा परेशानी न हो। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आदेश का पालन करें और नए साल के दौरान यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही निकलें। साथ ही, जुबली पार्क में पिकनिक मनाने आने वाले लोगों से भी शांति और नियमों का पालन करने की अपील की गई है।