Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-24

Jamshedpur DC Meeting: समाहरणालय सभागार में समाज कल्याण विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित

Jamshedpur: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में आंगनबाड़ी सेवाओं, महिला-बाल विकास से संबंधित योजनाओं एवं पोषण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा को लेकर समाज कल्याण विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तर पर संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान कई बिंदुओं पर प्रगति असंतोषजनक पाई गई, जिस पर कड़े निर्देश जारी किए गए.

बैठक में निर्देश दिया गया कि रिक्त आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं के सभी पदों की चयन प्रक्रिया 25 जनवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाए, ताकि आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुचारु रूप से हो सके। भवनहीन आंगनबाड़ी केंद्रों में भवन निर्माण तथा DMFT योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर समयबद्ध रूप से निर्माण कार्य पूर्ण कर हस्तांतरण सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया गया। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में लंबित बिजली कनेक्शन एवं शुद्ध पेयजल व्यवस्था का कार्य 5 जनवरी 2026 तक पूर्ण करने को कहा गया।

बैठक में माल्न्यूट्रिशन ट्रीटमेंट सेंटर (MTC) में शत-प्रतिशत कुपोषित (SAM) बच्चों को भर्ती कर उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं का आधार प्रमाणीकरण एवं आधार ऑनबोर्डिंग शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश भी दिया गया। प्रतिदिन आंगनबाड़ी केंद्रों के खुलने एवं नियमित संचालन की निगरानी की जिम्मेदारी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी एवं सभी सीडीपीओ को सौंपी गई।



इसके अतिरिक्त सभी परियोजनाओं को पोषण ट्रैकर ऐप में शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की शत-प्रतिशत वृद्धि निगरानी कर संबंधित डेटा नियमित रूप से पोषण ट्रैकर ऐप में दर्ज करने पर भी जोर दिया गया, ताकि पोषण स्तर की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके।

समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं कन्यादान योजना की प्रगति काफी असंतोषजनक पाई गई। इस पर बहरागोड़ा एवं धालभूमगढ़ परियोजना के सीडीपीओ को शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा लापरवाही की स्थिति में संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संध्या रानी, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, सभी सीडीपीओ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !