Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-24

Jamshedpur News: जमशेदपुर में ओल चिकी शताब्दी समारोह और NIT के दीक्षांत में शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रशासन अलर्ट मोड में

Jamshedpur News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिन के झारखंड दौरे पर आ रही हैं. 28 दिसंबर को वे रांची पहुंचेंगी और लोकभवन में रात्री विश्राम करेंगी. इसके बाद 29 दिसंबर को वे जमशेदपुर आएंगी, जहां उनके दो बड़े कार्यक्रम तय हैं. 30 दिसंबर को वे गुमला जाएंगी और फिर दिल्ली लौटेंगी.

ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह का समापन
जमशेदपुर में राष्ट्रपति का पहला कार्यक्रम संथाली भाषा की ओल चिकी लिपि के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित शताब्दी समारोह का समापन होगा. यह आयोजन संथाली समाज के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है. देशभर से संथाली लेखक, साहित्यकार, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे. यह समारोह 22 दिसंबर से शुरू होकर 29 दिसंबर तक देश के पांच राज्यों दिल्ली, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और झारखंड में आयोजित किया जा रहा है. जमशेदपुर में 27, 28 और 29 दिसंबर को इसके विशेष कार्यक्रम होंगे.

नारी चेतना जैसे मुद्दों पर मंथन होगा
समारोह के दौरान नारी चेतना, समाज में महिलाओं की भूमिका, संथाली भाषा पर शहरीकरण का असर और डिजिटल दौर में भाषा व संस्कृति के भविष्य जैसे मुद्दों पर मंथन होगा. समापन समारोह में झारखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम में प्रवेश सीमित रहेगा और इसके लिए पहले से रजिस्ट्रेशन जरूरी होगा.

सुरक्षा कारणों से छात्रों के परिजनों को समारोह में प्रवेश नहीं मिलेगा
इसी दिन राष्ट्रपति एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी. इस समारोह में करीब 1080 छात्रों को डिग्री दी जाएगी. राष्ट्रपति बीटेक और एमटेक की एक-एक छात्रा को गोल्ड मेडल भी प्रदान करेंगी. सुरक्षा कारणों से छात्रों के परिजनों को समारोह में प्रवेश नहीं मिलेगा. 28 दिसंबर को दीक्षांत समारोह की फाइनल रिहर्सल की जाएगी.

जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. सुरक्षा, ट्रैफिक और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है. एनआईटी परिसर और करनडीह स्थित दिशोम जाहेर परिसर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं और सभा स्थलों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जा रहा है.

राष्ट्रपति जमशेदपुर सर्किट हाउस में ठहरेंगी
राष्ट्रपति जमशेदपुर सर्किट हाउस में ठहरेंगी और वहीं दोपहर का भोजन करेंगी. उनके लिए पूरी तरह सात्विक भोजन की व्यवस्था की गई है. भोजन तैयार करने और परोसने की जिम्मेदारी शहर के एक होटल को दी गई है और स्टाफ की सुरक्षा जांच कराई जा रही है.

जमशेदपुर और आसपास के इलाके को नो फ्लाइंग जोन घोषित
सुरक्षा के मद्देनजर 26 दिसंबर से राष्ट्रपति के सुरक्षाकर्मी और एनएसजी के जवान शहर पहुंचेंगे. इसके बाद उनके प्रस्तावित मार्ग पर मॉक ड्रिल की जाएगी. 29 दिसंबर को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक जमशेदपुर और आसपास के इलाके को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है. प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति का दौरा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित रहेगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !