Jamshedpur News: MGM मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर से जुड़ी छात्राओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. कॉलेज परिसर स्थित सांभवी गर्ल्स हॉस्टल को अब नए सिरे से संवारा जाएगा. राज्य योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए हॉस्टल के नवीनीकरण को मंजूरी दे दी गई है, जिससे यहां रहने वाली छात्राओं को बेहतर और सुरक्षित आवासीय सुविधा मिल सकेगी.
तकनीकी मानकों और शर्तों के अनुसार होंगे सभी कार्य पूरे
इस योजना के अंतर्गत कुल 1 करोड़ 60 लाख 42 हजार 300 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है. इस रकम से पुराने गर्ल्स हॉस्टल भवन की मरम्मत और नवीनीकरण किया जाएगा. भवन से जुड़ी मरम्मत, आवश्यक निर्माण कार्य, सामग्री की खरीद और अन्य संबंधित कार्य इस परियोजना में शामिल होंगे. सभी कार्य तय तकनीकी मानकों और शर्तों के अनुसार पूरे किए जाएंगे.
पूरा खर्च राज्य बजट योजना के तहत
नवीनीकरण पर होने वाला पूरा खर्च राज्य योजना बजट के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित मद से किया जाएगा. इस परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर के सक्षम पदाधिकारी को सौंपी गई है. निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण और नवीनीकरण का काम तय समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए, ताकि छात्राओं को जल्द सुविधा मिल सके.
राशि के उपयोग में पारदर्शिता पर भी जोर
राशि के उपयोग में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है. सभी भुगतान नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार किए जाएंगे. साथ ही कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा होगी और खर्च का सत्यापन नियमानुसार कराया जाएगा. कॉलेज प्रशासन का मानना है कि इस नवीनीकरण के बाद छात्राओं को पहले से कहीं बेहतर आवासीय माहौल मिलेगा.