Ranchi: राजधानी रांची के पुंदा IIM पुल के समीप शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 33 केवी की बिजली केबल में अचानक आग लग गई। इस घटना के कारण पुंदाग, पिस्का मोड़ समेत आसपास के कई इलाकों में बिजली की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। बिजली गुल होने से आम लोगों के साथ-साथ दुकानदारों और कार्यालयों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
खुले हिस्से में आग लगने से केबल क्षतिग्रस्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुंदाग IIM पुल के नीचे से गुजर रही 33 केवी की अंडरग्राउंड केबल का एक हिस्सा पुल के पास जमीन के ऊपर से निकाला गया था। इसी खुले हिस्से में आग लगने से केबल क्षतिग्रस्त हो गई और पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची.
आग लगने की आशंका
बिजली विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि सर्दी से बचने के लिए सुबह के समय पुल पर खड़े ट्रक चालकों या अन्य लोगों ने आग जलाई होगी। आग तापने के बाद उसे पुल से नीचे फेंक दिया गया, जिससे नीचे से गुजर रही 33 केवी केबल आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते केबल में आग लग गई और तेज धुएं के साथ बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
बिजली विभाग की जांच जारी
बिजली विभाग की टीम केबल की मरम्मत और क्षतिग्रस्त हिस्से को बदलने के कार्य में लगी हुई है। अधिकारियों के अनुसार केबल को पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए आवश्यक तकनीकी जांच की जा रही है और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।