Ranchi Airport Update: रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से सोमवार को कई नियमित उड़ानें रद्द कर दी गईं. एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार यह फैसला ऑपरेशनल कारणों से लिया गया है. अचानक उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को एयरपोर्ट पर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई लोग वैकल्पिक इंतजाम की तलाश में नजर आए.
कौन-सी उड़ानें हुईं प्रभावित
रद्द की गई उड़ानों में इंडिगो की प्रमुख रूट की फ्लाइटें शामिल हैं. कोलकाता रांची कोलकाता रूट की उड़ान संख्या 6E 7089/7014 और 6E 7674/7235 को रद्द किया गया. इसके अलावा दिल्ली रांची दिल्ली रूट की फ्लाइट 6E 6287/576 और पटना रांची पटना रूट की फ्लाइट 6E 6902/925 भी संचालन नहीं कर सकीं.
यात्रियों की बढ़ी मुश्किल
इन उड़ानों के रद्द होने से कोलकाता दिल्ली और पटना जाने वाले यात्रियों को खासा नुकसान उठाना पड़ा. कई यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी तो कुछ ने दूसरी उड़ानों या वैकल्पिक साधनों का सहारा लिया. एयरपोर्ट परिसर में देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा.
एयरपोर्ट प्रशासन की अपील
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जरूर जांच लें. साथ ही एयरलाइन कंपनियों को यात्रियों को समय पर सूचना देने के निर्देश भी दिए गए हैं.
बार-बार उड़ानों के रद्द होने से यात्रियों का भरोसा प्रभावित होता है. ऑपरेशनल कारणों का हवाला भले ही दिया जाए लेकिन समय पर स्पष्ट जानकारी और वैकल्पिक व्यवस्था न होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ जाती है. ऐसे मामलों में एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय यात्रियों की दिक्कतें कम कर सकता है.