Railway Job Alert: भारतीय रेलवे ने देश के सबसे बड़े भर्ती अभियानों में से एक की घोषणा की है. रेलवे भर्ती बोर्ड ने अधिसूचना संख्या CEN 09/2025 के तहत लेवल वन के 22 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया है. इस बहाली के जरिए पॉइंट्समैन, असिस्टेंट, ट्रैक मेंटेनर ग्रेड फोर और इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल व मैकेनिकल विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी.
भर्ती कैलेंडर जारी
रेलवे ने भर्ती से जुड़ा पूरा शेड्यूल पहले ही स्पष्ट कर दिया है. शॉर्ट नोटिफिकेशन 23 दिसंबर 2025 को जारी किया गया है. विस्तृत अधिसूचना 20 जनवरी 2026 को आएगी. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 21 जनवरी 2026 से शुरू होगी और आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2026 रात 11:59 बजे तय की गई है.
शैक्षणिक योग्यता
इन पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से दसवीं पास होना अनिवार्य है. जिन अभ्यर्थियों के पास आईटीआई या नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट है, उन्हें तकनीकी पदों के लिए प्राथमिकता दी जा सकती है.
आयु सीमा
एक जनवरी 2026 तक उम्मीदवार की आयु 18 से 33 वर्ष के बीच होनी चाहिए. आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी. ओबीसी वर्ग को तीन वर्ष और एससी एसटी वर्ग को पांच वर्ष की छूट का प्रावधान है.
चयन प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी. पहले चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा ली जाएगी, जिसमें सामान्य विज्ञान, गणित, रीजनिंग और सामान्य जागरूकता से कुल 100 प्रश्न होंगे. इसके बाद सफल उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा देनी होगी. अंतिम चरण में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल जांच की जाएगी.
वेतन और भत्ते
चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार पे मैट्रिक लेवल-वन का वेतन दिया जाएगा. शुरुआती मूल वेतन 18 हजार रुपये होगा. इसके साथ महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और रेलवे की अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी.
आवेदन कहां और कैसे करें
आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी. उम्मीदवारों को रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा. सामान्य और ओबीसी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है, जिसमें से 400 रुपये परीक्षा में शामिल होने के बाद वापस कर दिए जाएंगे. एससी एसटी, महिला और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये तय किया गया है.
सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर
रेलवे की यह भर्ती उन युवाओं के लिए बड़ा मौका है जो लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं. बड़ी संख्या में पद और पहले से घोषित कैलेंडर से अभ्यर्थियों को योजना बनाकर तैयारी करने का अवसर मिलेगा. पारदर्शी चयन प्रक्रिया और तय समयसीमा इस भर्ती को भरोसेमंद बनाती है और रोजगार के नए रास्ते खोलती है.