Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-30

Jharkhand Weather Update: झारखंड में ठंड का कहर जारी, मैकलुस्कीगंज में पारा 0.9 डिग्री, 12 जिलों में कोहरे का अलर्ट

Jharkhand Weather Update: झारखंड में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बना हुआ है. सोमवार को भी रांची समेत राज्य के अधिकांश इलाकों में लोगों को कनकनी से राहत नहीं मिली. कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति देखी गई. रांची जिले के मैकलुस्कीगंज का न्यूनतम तापमान राज्य में सबसे कम 0.9 डिग्री दर्ज किया गया. यह माप गोर्डन गेस्ट हाउस स्थित बॉबी गोर्डन में लगे यंत्र से किया गया.

रांची और आसपास के इलाकों में भी ठिठुरन
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार कांके का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री रहा, जबकि रांची शहर का तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री, खूंटी में 5 डिग्री और गुमला में 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा. सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

अगले दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अगले 24 घंटे के बाद भी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय मध्यम दर्जे का कुहासा बना रहेगा. हालांकि बुधवार से अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है और शीतलहर का असर कुछ कम होगा.

12 जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार के लिए गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, जामताड़ा, गोड्डा और साहिबगंज में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. वहीं रांची, रामगढ़, खूंटी, गुमला और सिमडेगा जिलों में सुबह के दौरान कनकनी बनी रह सकती है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ इसमें कुछ कमी आने की संभावना है.

कुहासे से हवाई सेवाएं प्रभावित
घने कुहासे का असर हवाई यातायात पर भी दिखा. सोमवार को रांची एयरपोर्ट से इंडिगो की चार उड़ानें रद्द रहीं. इनमें कोलकाता से आने और जाने वाली दो उड़ानें, दिल्ली से आने वाली एक और पटना से आने वाली एक उड़ान शामिल है. इसके अलावा छह विमान एक से तीन घंटे की देरी से रांची पहुंचे और रवाना हुए.

धनबाद में तापमान बढ़ा, ठंड बरकरार
धनबाद में बीते 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 11 डिग्री तक पहुंच गया. इसके बावजूद ठंड से राहत नहीं मिली. दिन के समय सर्द हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं, जबकि शाम और रात में ठिठुरन और बढ़ जा रही है. सोमवार को धनबाद का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

फिलहाल सतर्कता और सावधानी बेहद जरूरी
झारखंड में लगातार गिरते और बेहद कम बने न्यूनतम तापमान ने जनजीवन को प्रभावित किया है. ठंड और कोहरे के कारण न केवल आम लोग बल्कि परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं. मौसम में संभावित बदलाव से थोड़ी राहत की उम्मीद जरूर है, लेकिन फिलहाल सतर्कता और सावधानी बेहद जरूरी बनी हुई है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !