Dhanbad: सोशल मीडिया से शुरू हुआ प्रेम प्रसंग जब हकीकत में बदला तो एक युवती के लिए यह दर्दनाक अनुभव बन गया। दार्जिलिंग (पश्चिम बंगाल) की 28 वर्षीय युवती ने अपने प्रेमी बीके रजक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है।
निराशा हाथ लगी
युवती अपने प्रेमी की तलाश में केरल से धनबाद के मुनीडीह पहुंची। पिछले 72 घंटे तक भटकने के बाद वह लखरख्वारी–आमडीह गांव स्थित युवक के घर पहुंची, जहां उसे निराशा हाथ लगी।
युवक भी उसी क्षेत्र में कार्यरत
युवती के अनुसार, तीन वर्ष पहले सोशल मीडिया के जरिए दोनों की पहचान हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और पिछले छह माह से दोनों केरल में लीव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। युवती एक निजी कंपनी में काम करती थी, जबकि युवक भी उसी क्षेत्र में कार्यरत था।
युवक अचानक गायब हो गया
आरोप है कि जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो युवक अचानक गायब हो गया और अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। युवक के परिजनों ने भी युवती को अपनाने से इनकार कर दिया। गांव स्तर पर सामाजिक सुलह का प्रयास हुआ, लेकिन बात नहीं बन सकी।
लीव-इन संबंधों पर सवाल खड़े करती है
मुनीडीह ओपी प्रभारी मनीता कुमारी ने बताया कि युवती बालिग है। आवेदन देने के बाद वह अपने घर लौट गई है। मामले की जांच की जा रही है। यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया से बने रिश्तों और बिना कानूनी सुरक्षा के लीव-इन संबंधों पर सवाल खड़े करती है।