Jharkhand Big News: झारखंड में सरकारी नियुक्तियों की प्रक्रिया को तेज करते हुए राज्य सरकार ने एक बार फिर बड़े स्तर पर नियुक्ति पत्र वितरण किया. रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह में सीजीएल के 1910 सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 26 अभ्यर्थियों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए, जबकि शेष अभ्यर्थियों को संबंधित विभागों द्वारा नियुक्ति पत्र दिए गए.
सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि जनसेवा का सशक्त माध्यम: मुख्य सचिव
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एक महीने पहले ही लगभग 9000 युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है और आज फिर 1900 से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जा रहे हैं. उन्होंने नव नियुक्त कर्मियों को यह समझाया कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि जनसेवा का सशक्त माध्यम है. पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील भी उन्होंने की.
रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी: वित्त मंत्री
वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है. यह केवल सहायता नहीं बल्कि आर्थिक और सामाजिक न्याय का आधार है. उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 68 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी हैं. राज्य में 1.60 लाख स्वीकृत पद हैं और इनके भरने से युवाओं के लिए नए अवसर खुलेंगे. साथ ही उन्होंने एमएसएमई, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं की भी चर्चा की.
नियुक्तियां सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है: संजय यादव
श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि राज्य के 25 वर्ष पूरे होने के दौर में जिस तरह की नियुक्तियां हो रही हैं, वह सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. उन्होंने दावा किया कि विपक्ष जहां केवल बयान देता है, वहीं सरकार जमीन पर परिणाम दिखा रही है. नव नियुक्त कर्मियों को उन्होंने राज्य के विकास में भागीदार बताया.
लंबे संघर्ष के बाद मिली सफलता
नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखी. नेबल आइशा कुजूर ने इसे आदिवासी संस्कृति से मिली प्रेरणा का परिणाम बताया. कविता कुमारी पहाड़िया ने लंबे संघर्ष के बाद मिली सफलता के लिए सरकार और परिवार का आभार जताया. नीशा तिग्गा ने कहा कि सरकारी योजनाओं से उनका सपना पूरा हुआ. कोडरमा के अनिल रजक ने संघर्ष की कहानी साझा करते हुए बताया कि ऑटो चलाकर पढ़ाई करने के बाद आज सरकारी सेवा में चयन हुआ.
नियुक्तियों का असर प्रशासनिक कार्यक्षमता देगा दिखाई
मोरहाबादी मैदान में आयोजित यह समारोह केवल नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि यह राज्य सरकार की रोजगार नीति का सार्वजनिक प्रदर्शन भी था. बड़ी संख्या में युवाओं को एक साथ नौकरी देकर सरकार ने यह संदेश दिया है कि नियुक्तियों की प्रक्रिया अब ठहराव नहीं बल्कि गति के दौर में है. आने वाले समय में इन नियुक्तियों का असर प्रशासनिक कार्यक्षमता और युवाओं के विश्वास दोनों पर दिखाई देगा.
मंत्री और विधायक रहे मौजूद
मोरहाबादी मैदान में आयोजित इस भव्य समारोह में सरकार और प्रशासन के कई वरिष्ठ चेहरे मौजूद रहे. मुख्यमंत्री के साथ कल्पना सोरेन, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, सांसद महुआ माजी, कई विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए. इसके अलावा झारखंड के डीजीपी, मुख्य सचिव, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के परिजन भी समारोह के साक्षी बने.