Adityapur News: आदित्यपुर थाना अंतर्गत जमालपुर सतबहनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बीते शुक्रवार को रात 10:30 बजे करीब के समय जमीन माफियाओं द्वारा भाजपा नेता अशोक सिंह पर जानलेवा हमला किया गया और बेरहमी से मारपीट कर उन्हें लहूलोहान कर दिया गया.
लाठी-डंडे और लोहे के हथियारों से पिटाई
भू-माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने पुलिस वालों के सामने ही इस घटना को अंजाम दिया. इस घटना की वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. भाजपा नेता अशोक सिंह ने आरोप लगाया है कि अभिमन्यु सिंह उर्फ मन्नू, बृजनंदन सिंह उर्फ पंकज और अन्य साथियों ने उनके घर के नीचे फोन करके बुलाया और लाठी-डंडे और लोहे के हथियारों से बेरहमी से पिटाई की.
गले से सोने की चेन और पर्स में रखे ₹15000 रुपये निकाल लिए गए
लाठी-डंडे से पिटाई करने के दौरान उनके गले से सोने की चेन और पर्स में रखे ₹15000 रुपये निकाल लिए गए. अशोक सिंह ने बताया कि इस घटना के दौरान उनके सिर पर भी गंभीर रूप से प्रहार किया गया था, जिसका उपचार करवाकर वे थाना लौटे हैं. उन्होंने बताया कि जमीन माफियाओं के हौसले इतने बढ़े हुए हैं कि 112 पर फोन करके पुलिस को बुलाने के बावजूद भी उनके सामने ही उन पर प्रहार किया गया. अशोक सिंह ने बताया कि उन्होंने 9 साल पूर्व यह जमीन खरीदी थी और जमीन माफिया जबरन इसे कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे. विरोध करने पर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया गया.
चार दिन बीत जाने के बावजूद भी आरोपी को नहीं पकड़ा गया
इस मामले पर स्थानीय थाना से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. फिलहाल, भाजपा नेता अशोक सिंह ने आदित्यपुर थाना से न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने बताया कि चार दिन बीत जाने के बावजूद भी आरोपी को नहीं पकड़ा गया है. वही, इस मामले को लेकर दूसरे पक्ष से बात नहीं हो सकी है.